
जयपुर/करौली । करौली जिले के सपोटरा थाना इलाके में सोमवार को मिट्टी में दबने से छह महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं और लड़कियां घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने महिलाओं और लड़कियों को बाहर निकाल कर सपोटरा अस्पताल पहुंचाया, जहां घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस के मुताबिक करौली जिले के सपोटरा उपखंड की सिमिर ग्राम पंचायत के मेदपुरा गांव निवासी 10 से ज्यादा महिलाएं और लड़कियां दीपावली पर घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी लेने गई थी। इस दौरान मिट्टी खोदते समय मिट्टी का बड़ा टीला उन पर आ गिरा और वह दब गई। महिलाओं और लड़कियों के मिट्टी में दबते ही मौके पर चीख पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर नौ महिलाओं और लड़कियों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने अनीता (22) पत्नी राजेश माली, रामनरी (28) पत्नी गोपाल माली, केशनती पत्नी चिरंजी माली, खुशबू, कोमल और अंजू पुत्री गोपाल माली को मृत घोषित कर दिया। चार अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।













