
-भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा
झांसी । मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सपरार बांध (कुरेचा बांध) में गत दिनों मिली एक महिला और दो युवतियों के शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तीनों की मृत्यु फेफड़े फटने से होनी बताई गई है। वहीं, भाई की तहरीर पर मऊरानीपुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज लिया। वारदात का जल्द खुलासा करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए पांच टीमें लगाई है।
गौरतलब है कि रीनू, रीतू पुरवार और उसकी सहेली रिंकी घर से बागेश्वर धाम जाने के लिए कहकर निकली थी। दूसरे दिन देर शाम तीनों के शव सपरार बांध में मिले थे। उसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि तीनों युवतियों की मौत फेफड़ा फटने से हुई है तथा शरीर पर कोई भी चोट के निशान नहीं मिले। पुलिस उक्त पूरे प्रकरण में कई बिंदुओं पर जांच करने में जुटी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक बहन के भाई की तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
यह भी चर्चा है कि 30 वर्षीय रितु की शादी महोबा जिले के कबरई में रहने वाले अनुराग के साथ हुई थी। वैवाहिक जीवन की परेशानियों के चलते दोनों अलग-अलग रह रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश एस स्वयं पूरे मामले पर नजर रख रहे हैं और घटना के खुलासे के लिए एसएसपी ने पांच टीमों का गठन किया है, जो अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है।











