
मुंबई । महाराष्ट्र एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस ) ने मंगलवार को प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के एक पदाधिकारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सदस्य की पहचान शेख उमर शेख हबीब (30) के रूप में की गई है। एटीएस अधिकारियों ने बताया कि आरोपित को आज औरंगाबाद की विशेष एनआईए अदालत में पेश किया गया और उसे 15 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। एटीएस की टीम शेख उमर शेख हबीब से गहन पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के अनुसार राज्य एटीएस की टीम ने पिछले महीने महाराष्ट्र के कई जिलों में छापा मारकर 21 पीएफआई सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इन सभी से मिली जानकारी के आधार पर आज एटीएस ने जालना से पीएफआई के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के बाद केंद्र सरकार ने पीएफआई संगठन को प्रतिबंधित कर दिया है।














