
– पक्का घर हुआ तो लाभार्थियों के जीवनशैली में आया परिवर्तन
भास्कर ब्यूरो
फतेहपुर । प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभार्थियों के जीवन स्तर में बेहतर सुधार आया है। पहले इन गरीब परिवारों के पास पक्की छत न हो पाने के कारण काफी दिक्कतें उठानी पड़ती थी लेकिन आवास के साथ ही सामुदायिक शौचालय की सुविधा हो जाने के कारण परिवार के सदस्य खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे हैं। इन परिवारों के पास मजदूरी के अलावा आय का कोई अन्य स्रोत न होने के कारण दो वक्त की रोटी जुटाने तक ही सीमित थे ऐसे में पक्के घर का सपना केवल सपना बनकर ही रह गया था।
आकांक्षी जनपद में फ़तेहपुर का चयन होने के बाद इनकी जीवन शैली को सुधारने के लिए सरकार द्वारा बेहतर प्रयास किया गया और काफी हद तक सुधार हुआ। हालांकि इस वर्ष भी कई घरगिरी की घटनाएं हुई हैं जिनमे कई लोगो की जान भी गई है। लेकिन अधिकारियों का कहना है कि ऐसे परिवारों की सूची बनने का काम जारी है जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर आवास देने का काम किया जाएगा।
बता दें कि जनपद फ़तेहपुर में प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण के वर्ष 2018 तक 22124 लाभार्थियों को आवास दिए गए थे लेकिन आकांक्षी जनपद चयन होने के बाद 47520 लक्ष्य के सापेक्ष 47016 आवास दिए जा चुके हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत 9500 के सापेक्ष 6600 पात्र लाभार्थियों को पक्की छत से आच्छादित किया गया। अब इन परिवारों को बरसात के मौसम में टपकती बूंदों से राहत मिली है। लाभार्थियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से उनके जीवन मे सुधार आया है। पहले झोपड़ीनुमा कच्चे घर में रहने को मजबूर थे और रातभर डर लगा रहता था कि कच्ची दीवार कहीं गिर न जाय। लेकिन पक्का आवास के साथ शौचालय, अन्न योजना से राशन व अन्य योजनाओं से लाभ पाकर परिवार खुशहाली का जीवन व्यतीत कर रहे हैं। इस बाबत परियोजना निदेशक एमपी चौबे ने बताया कि आवास योजना में जिन गरीब परिवारों के नाम नहीं शामिल हुए थे उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाएगा। जनपद में ग्रामीण व शहरी मिलाकर लगभग 53616 परिवारों को अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया है।










