चीन बॉर्डर से लापता हुए अरुणाचल के दो युवक, गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज

अरुणाचल प्रदेश के दो युवक बेटिलम टिकरो और बेइंग्सो मन्यु करीब दो महीने से लापता हैं। इनके परिवारों को शक है कि अरुणाचल-चीन बॉर्डर पर चीनी सैनिकों ने उन्हें बंधक बना लिया है। दोनों युवक जिले के गोइलियांग कस्बे के रहने वाले हैं और मेडिसनल प्लांट्स की तलाश में 19 अगस्त को निकले थे। इन्हें आखिरी बार 24 अगस्त को देखा गया था। उसके बाद से इनकी कोई खबर नहीं मिली है।

बेटिलम टिकरो और बेइंग्सो मन्यु अंजॉ के चगलगाम के लिए निकले थे। लेकिन, वहां पहुंचे नहीं। दोनों के परिवारों ने 9 अक्टूबर को स्थानीय पुलिस स्टेशन खुपा में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है।

अपने स्तर पर खोजा, नहीं मिले तो शिकायत की

लापता युवकों परिजन का कहना है कि उन्होंने अपने स्तर पर दोनों की तलाश की। जब उन्हें कोई सफलता नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। परिवारों ने केंद्र, राज्य सरकार और सेना से मदद करने की गुहार लगाई है। टिकरो के परिवार के एक सदस्य ने कहा, “हमने पुलिस की मदद मांगी है क्योंकि हमें संदेह है कि वे अनजाने में चीन चले गए होंगे।”

भारतीय सीमा में भी हो सकते हैं लड़के: पुलिस

पुलिस का कहना है कि दोनों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। अंजॉ के SP राईके कामसी ने कहा कि जड़ी-बूटियों की तलाश में जंगलों में जाना आम बात है। हो सकता है लड़कों ने बॉर्डर के पास ही किसी भारतीय के घर शरण ली हो। क्योंकि गोइलियांग से पैदल साइट तक पहुंचने में 12 दिन तक का समय लगता है।

इसी साल जनवरी में मिराम को वापस लाई थी सेना

जनवरी 2022 में भी अरुणाचल प्रदेश का रहने वाला मिराम टारोन लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल के पास के जंगल में औषधीय पौधों की तलाश में भटक गया था। और अनजाने में चीन चला गया था। चीनी सैनिकों ने उसे पकड़ लिया था। हालांकि भारतीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के कुछ दिनों बाद उसे छोड़ दिया गया था।

2020 में भी किया था 5 युवकों का अपहरण

सितंबर 2020 में भी PLA ने अरुणाचल प्रदेश के सुबनसिरी जिले से पांच युवकों का अपहरण कर लिया था और लगभग एक हफ्ते बाद उन्हें रिहा किया था। गौरतलब है कि भारत लद्दाख से अरुणाचल प्रदेश तक चीन के साथ 3,400 किलोमीटर लंबी लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) शेयर करता है।

अरुणाचल प्रदेश की 1,080 किमी लंबी सीमा चीन से लगी है। इसके अलावा 520 किमी लंबी सीमा म्यांमार और 217 किमी लंबी सीमा भूटान से भी लगी है।

खबरें और भी हैं...