बांदा : शांति व सुरक्षा के बीच दो पालियों में हुईं परीक्षा : दूसरे दिन भी पीईटी में 6888 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

परीक्षा केंद्रों पर रही पुलिस की रही कड़ी नजर

शांति व सुरक्षा के बीच दो पालियों में हुईं परीक्षा

भास्कर न्यूज

बांदा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की ओर से प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) में दूसरे दिन रविवार को अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। परीक्षा केंद्रों के बाहर चस्पा किए गए अनुक्रमांक और आवंटित कक्षा कक्ष को देखने के लिए परीक्षार्थी नोटिस बोर्ड पर टूट पड़े। इसके बाद उन्हें लाइन लगवाकर केंद्र के भीतर इंट्री मिली। केंद्रों के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। पीईटी परीक्षा में दूसरे दिन दोनों पालियों में 6888 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। जबकि पहली व दूसरी पाली में पंजीकृत 15,168 परीक्षार्थियों में सिर्फ 9980 परीक्षार्थी शामिल हुए।

पीईटी परीक्षा के लिए जनपद में कुल 30,336 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। दो दिवसीय परीक्षा 16 केंद्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच कराई गईं। पहले दिन जहां पंजीकृत 15169 में 6089 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी। दूसरे दिन रविवार को पहली पाली में 7584 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। इनमें से 4541 परीक्षार्थी शामिल हुए। जबकि 3043 परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति रही। वहीं शाम की पाली में पंजीकृत 7584 परीक्षार्थियों में 4539 परीक्षा देने आए। जबकि 3045 ने परीक्षा छोड़ दी। शहर के जीआईसी, जीजीआईसी, पंडित जेएन इंटर कालेज, राजकीय महिला डिग्री कालेज, आर्यकन्या इंटर कालेज, आदर्श बजरंग इंटर कालेज, खानकाह इंटर कालेज, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज व सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कालेज में सुबह की पाली से ही सुरक्षा को लेकर कड़ी व्यवस्था देखने को मिली। केंद्र व्यवस्थापकों ने खुद गेट पर खड़े होकर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली। जिलाधिकारी अनुराग पटेल, एडीएम उमाकांत त्रिपाठी, एसडीएम सुरभि शर्मा व तहसीलदार पुष्पक सहित डीआइओएस विनोद कुमार, बीएसए प्रिंसी मौर्या आदि ने केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा की शुचिता व व्यवस्थाएं देखीं। उधर, परीक्षा के पहले दिन कानपुर व उन्नाव में पकड़े गए मुन्ना भाइयों को लेकर जिले में भी सतर्कता रही। परीक्षा केंद्रों के आसपास खुफिया विभाग के अधिकारी सतर्क रहे। हालांकि यहां दोनों पालियों की परीक्षा बिना किसी बाधा के शांति पूर्ण माहौल में संपन्न हो गईं।

परीक्षा के बाद जाम हुआ शहर, व्यवस्था संभालने में छूटे पसीने

दो दिवसीय पीईटी परीक्षा पूरे जनपद में भले ही शांति पूर्ण और नकल विहीन संपन्न हो गई। परीक्षा के लिए प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़ और सोनभद्र जिले के ज्यादातर अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र जनपद में रहा। रविवार को दूसरे दिन पीईटी की परीक्षा छूटते ही शहर जाम हो गया। इस दौरान बस अड्डा और रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं व्यवस्था संभालने में पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए।

डीएम ने परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा

जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने प्रथम पाली में पं.जेएन डिग्री कॉलेज, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कालेज और राजकीय इंटर कालेज मटौंध का निरीक्षण किया। दोपहर बाद दूसरी पाली में इंटर कालेज तिंदवारा तथा राजा देवी डिग्री कालेज का निरीक्षण करते व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सभी परीक्षा केंद्रों में कन्ट्रोल रूम व सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों में डीएम को व्यवस्थाएं चुस्त और दुरुस्त मिलने पर केंद्र प्रभारियों को शाबासी दी।

खबरें और भी हैं...