
यूपी में PET परीक्षा की दूसरी शिफ्ट रविवार शाम 5 बजे खत्म हो गई। दो दिनों तक चली परीक्षा में 25 लाख 11 हजार 9 सौ 68 छात्र शामिल हुए। जबकि 12 लाख 46 हजार 2 सौ 41 छात्र अनुपस्थित रहे। विभाग की तरफ से कुल 37 लाख 58 हजार 209 एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। कुल 67% छात्र उपस्थित रहे। यह देश में अब तक का रिकॉर्ड माना जा रहा है। सभी 75 जिलों में 1899 एग्जाम सेंटर बनाए गए थे।
रविवार को लखनऊ से 1, शामली से 2, पीलीभीत से 1, अयोध्या से 2 और गोरखपुर से 1 सॉल्वर पकड़ा गया। शनिवार और रविवार को शाम चार बजे तक कुल 30 सॉल्वर पकड़े गए। सभी दूसरे की जगह पर एग्जाम दे रहे थे।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड हुए फुल
रविवार को एग्जाम खत्म होने के बाद रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर भारी भीड़ हो गई। इसके चलते वहां पैर रखने की भी जगह नहीं बची। लखनऊ, कानपुर, झांसी, वाराणसी में प्लेटफॉर्म पर ट्रेन धीमी होते ही धक्का-मुक्की शुरू हो गई। लड़कियां भी भीड़ में किसी तरह बैठने की जद्दोजहद करती दिखीं।
लोगों का कहना था कि सरकार को सेंटर तक कैंडिडेट्स को पहुंचाने के लिए उचित व्यवस्था करनी थी। ट्रेन और बसों को ज्यादा से ज्यादा एग्जाम वाले जिलों के लिए चलवाना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसलिए आज छात्र पिस रहे हैं। बैठने के लिए जगह तक नहीं मिल रही है।
दूसरी शिफ्ट में पूछे गए सवाल
- उस जंगल का नाम बताइए जिसे पृथ्वी ग्रह के फेफड़े के रूप में जाना जाता है?
- स्थिरता के साथ विकास के उद्देश्य से निम्नलिखित में से कौन सी पंचवर्षीय योजना शुरू की गई थी?
- संसदीय प्रणाली में कार्यपालिका किसके प्रति उत्तरदायी होती है?
- भारतीय संविधान के लिए DPSO (राज्य नीति के निदेशक सिद्धांत) निम्नलिखित में से किस संविधान से प्रेरित थे?
- भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19 में कौन सा अधिकार शामिल है?
- भारत के पंचायती राज व्यवस्था में कितने स्तर है?
- एक हॉर्स पावर लगभग कितने वाट के बराबर होता है?
- 19 का कितना प्रतिशत 7.6 है?
- 60 से 80 के बीच की सभी अभाज्य संख्याओं का औसत है?
- अनिल का पर्यायवाची शब्द है?
- गुप्त का विलोम शब्द है?
- सद्भावना का संधि-विच्छेद क्या होगा?

यह फोटो अयोध्या में पकड़े गए दोनों सॉल्वर की है। सॉल्वर जयपुरिया स्कूल में दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे थे। दोनों मधुबनी बिहार के रहने वाले हैं।

पुलिस को लखनऊ में मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर सॉल्वर मदन मोहन को लखनऊ के चिनहट के मल्हौर इलाका स्थित न्यू विजडम प्रोग्रेसिव कॉलेज से गिरफ्तार किया गया।










