
दिल्ली शराब घोटाले में दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया से पूछताछ शुरू हो चुकी है। वे 11 बजकर 20 मिनट पर CBI दफ्तर पहुंचे। सिसोदिया CBI दफ्तर से पहले राजघाट पहुंचे और बापू को नमन किया।
सिसोदिया पूछताछ के लिए घर से निकले तो पत्नी ने तिलक लगाया, मां ने पटका पहनाकर आशीर्वाद दिया। खुली कार में लाव लश्कर के साथ निकले, इस दौरान शहादत के गीत बज रह थे। आम रास्ते पर रैली जैसा नजारा बन गया। बोले- मेरी गिरफ्तारी की तैयारी है और मैं कुर्बानी के लिए तैयार हूं। उनकी रैली पर भाजपा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि AAP नौटंकी में जुटी है। ये जश्न-ए-भ्रष्टाचार है।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा,’ सिसोदिया अपने समर्थकों के साथ सड़कों पर खुली कार में नारे लगा रहे हैं, ऐसा लग रहा है कि AAP ने भ्रष्टाचार का वर्ल्ड कप जीत लिया है।’
हंगामे की आशंका देखते हुए CBI दफ्तर के बाहर पुलिस बल तैनात है। सिसोदिया के घर और CBI दफ्तर के आसपास धारा 144 भी लागू है।
आप को है गिरफ्तारी की आशंका
AAP नेता आतिशी मार्लेना ने रविवार 16 अक्टूबर को BJP पर निशाना साधते हुए कहा कि कल 17 अक्टूबर जब सिसोदिया CBI मुख्यालय जाएंगे तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सीबीआई की ओर से पूछताछ के लिए तलब किए जाने पर डिप्टी सीएम सिसोदिया ने ट्वीट किया, ‘मेरे घर पर 14 घंटे CBI रेड कराई, कुछ नहीं निकला। मेरा बैंक लॉकर तलाशा, उसमें कुछ नहीं निकला। मेरे गांव में इन्हें कुछ नहीं मिला। अब इन्होंने कल 11 बजे मुझे सीबीआई मुख्यालय बुलाया है। मैं जाऊंगा और पूरा सहयोग करूंगा। सत्यमेव जयते।’
सिसोदिया आज के भगत सिंह हैं – केजरीवाल
दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने सिसोदिया के tweet को रीट्वीट करते हुए उन्हें आज का भगत सिंह बताया। केजरीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘जेल की सलाखें और फांसी का फंदा भगत सिंह के बुलंद इरादों को डिगा नहीं पाए। ये आजादी की दूसरी लड़ाई है। मनीष और सत्येंद्र आज के भगत सिंह हैं। 75 साल बाद देश को एक शिक्षा मंत्री मिला, जिसने गरीबों को अच्छी शिक्षा देकर सुनहरे भविष्य की उम्मीद दी। करोड़ों गरीबों की दुआएं आपके साथ हैं।’
गौरतलब है कि, दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल BJP पर आरोप लगाते हुए कह चुके हैं कि गुजरात विधानसभा चुनाव की वजह से हो सकता है कि सिसोदिया और उनकी गिरफ्तारी हो जाए। CBI ने 19 अगस्त को कथित आबकारी घोटाला मामले को लेकर दिल्ली की डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के घर पर छापेमारी की थी। यह छापेमारी लगभग 14 घंटे तक चली थी।
सिसोदिया पर क्या हैं आरोप?
डिप्यूटी CM सिसोदिया पर आरोप है कि शराब के लाइसेंस देने में उन्होंने नियमों की अनदेखी की और शराब ठेकेदारों को अनुचित तरीके से लाभ पहुंचाया। उन पर GNCTD अधिनियम 1991, व्यापार नियमों के लेनदेन (TOBR) 1993, दिल्ली उत्पाद शुल्क अधिनियम 2009, दिल्ली उत्पाद शुल्क नियम 2010 का उल्लंघन करने का आरोप है। बीजेपी ने केजरीवाल सरकार पर आरोप लगाया है कि उसने नए टेंडर के बाद गलत तरीके से शराब ठेकेदारों के 144 करोड़ रुपये माफ किए।
इस तरह शुरू हुई जांच
साल 2022 के जुलाई महीने में दिल्ली के मुख्य सचिव ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 में कथित घोटाले संबंधी रिपोर्ट उपराज्यपाल वीके सक्सेना को सौंपी थी। इसके बाद दिल्ली के उपराज्यपाल ने 11 आबकारी अधिकारियों को निलंबित कर दिया था और मामले की सीबीआई जांच कराए जाने की सिफारिश की थी। अब तक कथित घोटाले को लेकर सीबीआई और ईडी 100 से ज्यादा ठिकानों पर छापे मार चुकी हैं।














