सरकार और प्रशासन से जुड़ी गतिविधियों में मीडिया मजबूत कड़ी : डीसी

भास्कर समाचार सेवा-

रेवाड़ी, 19 अक्टूबर दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार को रेवाड़ी मुख्यालय स्थित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मीडिया सेंटर में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें डीसी अशोक कुमार गर्ग ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। डीआईपीआरओ दिनेश कुमार ने दीपावली मिलन समारोह में पहुंचने पर डीसी अशोक कुमार गर्ग का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान डीसी अशोक कुमार गर्ग मीडिया प्रतिनिधियों से रूबरू हुए और त्यौहार को लेकर जरूरी बिंदुओं पर चर्चा भी की। उन्होंने सभी मीडिया प्रतिनिधियों को पर्व की अग्रिम हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि समाज के विकास और उत्थान में पत्रकारिता की अहम भूमिका है। समाज निष्पक्ष पत्रकारिता से बहुत अपेक्षा रखता है। पत्रकारिता से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को समाज के हितों और नवनिर्माण के लिए काम करना चाहिए। लोकतंत्र में मीडिया की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मीडिया को रचनात्मक कार्यों को प्राथमिकता से प्रकाशित करना व दिखाना चाहिए।
डीसी अशोक कुमार गर्ग ने यह भी कहा कि सरकार और प्रशासन की गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने में मीडिया एक मजबूत कड़ी है। देश के विकास और नव निर्माण में भी पत्रकार अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। डीसी ने कहा कि आमजन व समाज को प्रेरित व जागरूक करने में मीडिया की अहम भूमिका होती है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे दीपावली पर्व को इको फ्रेंडली तरीके से मनाएं ताक पर्यावरण प्रदूषित न हो। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे आमजन को सेफ, सुरक्षित व इको फ्रेंडली दीपावली मनाने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करें। उन्होंने मीडिया के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया को ‘चौथे स्तंभ’ के रूप में जाना जाता है। वर्तमान समय में मीडिया की उपयोगिता, महत्व एवं भूमिका निरंतर बढ़ती जा रही है। आज के जीवन में मीडिया एक अपरिहार्य आवश्यकता बन गया है। मीडिया एक समग्र तंत्र है। मीडिया अपनी भूमिका के माध्यम से समाज में शांति, सौहार्द, समरसता और सौजन्य की भावना विकसित कर रहा है।
दीपावली मिलन समारोह में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने लोक गीतों व भजनों के माध्यम से दीपावली के पर्व की परंपरा व महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी का मनोरंजन किया। इस दौरान मीडिया बंधुगण ने त्यौहार की गरिमा और वर्तमान पत्रकारिता का स्वरूप और उसकी महत्ता को लेकर संवाद किया।
इस अवसर पर एआईपीआरओ रेवाड़ी सुरेश कुमार गुप्ता, एआईपीआरओ डा. अश्विनी शर्मा, आईसीए हितेष कुमार बुराडिय़ा, टीए राजेश शर्मा, प्रदीप कुमार गोयल, स्टेनो सतीश कुमार, चंद्रेश कुमार सहित जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के स्टाफ सदस्य और प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...