
भास्कर समाचार सेवा
जींद। गांगोली गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तेजधार हथियार और गोलियां चली। इसमें एक पक्ष के एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि छह अन्य गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। फिलहाल पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच भी कहासुनी हुई थी। उस समय ग्रामीणों ने मामला शांत करवा दिया था।
वीरवार सुबह फिर इन लोगों के बीच विवाद हो गया। रामकिशन परिवार के बिजेंद्र, विकास, रामकुमार और पालेराम को गोलियां लगी। इसमें 35 वर्षीय पालेराम की मौत हो गई। इसमें दूसरे परिवार के दो लोगों को भी चोटें आई है। परिजनों ने बताया कि वीरवार को उनका परिवार के लोग घर पर थे। इस दौरान सूरता परिवार के रिटायर्ड फौजी जो कि फिलहाल पुलिस में एसपीओ लगा हुआ है और उसकी डयूटी सोनीपत में है। उसने आकर पिस्तौल से उन पर फायरिंग कर दी। इससे उनके परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के विकास की बाजू में गोली लगी जबकि एक गोली पालेराम के सीने में लगी। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम का कहना है कि पुलिस ने घायलों को नागरिक अस्पताल जींद में दाखिल करवाया गया था, जहां से उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।













