
रामलीला के आयोजन ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
भास्कर समाचार सेवा
जहाँगीराबाद। नगर के विन्नर देवी रोड स्थित बी के सीनियर सेकेण्डरी स्कूल में शनिवार को दीवाली उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। दीवाली उत्सव का शुभांरभ मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए एबीएसए ओम नारायण सिंह व कोतवाल नीरज कुमार ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया। इस अवसर पर विद्यालय में रामलीला का आयोजन भी किया गया।

शनिवार को आयोजित दीवाली उत्सव में मुख्यातिथियों का स्काउट गाइड ने बैज लगाकर व तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके बाद छात्र छात्राओं ने पूरे भारत की अलग अलग संस्कृतियों को प्रदर्शित करते हुए नृत्य प्रस्तुत किया। छोटे छोटे बच्चों ने लिलिपुट डांस पेश कर सबको लोटपोट कर दिया। इस मौके पर विद्यालय में रामलीला का आयोजन भी किया गया। जिसमें छात्र छात्राओं ने लक्ष्मण परशुराम संवाद, केवट लीला, वनवास लीला, सीता हरण, रावण वध व राजतिलक की लीला का मनोहारी प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय में गाय के गोबर से गोवर्धन की छवि भी बनाई गई। छात्र छात्राओं ने विद्यालय में मिट्टी के दिये भी बनाये। इस मौके पर मुख्यातिथियों को विद्यालय के प्रबंधक नरेंद्र शर्मा व प्रधानचार्या रीता शर्मा ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर ललित शर्मा, अजय कौशिक, रवि गर्ग, सौरभ भारद्वाज व बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।














