
बाजरा क्रय केंद्र का शुभारंभ, 2350 रुपये/क्विंटल एमएसपी पर होगी खरीदारी
भास्कर समाचार सेवा
मथुरा। मथुरा-वृंदावन विधायक श्रीकान्त शर्मा ने शनिवार को मंडी समिति, राजकीय बाजरा क्रय केंद्र का किसानों व ब्रजवासियों के साथ शुभारंभ किया गया ।इस अवसर पर किसानों से चर्चा करते हुए विधायक श्रीकांत शर्मा ने बताया कि योगी सरकार में 2017 की तुलना में बाजरा की कीमत 1425 रुपये से रिकॉर्ड 64.91% बढ़कर अब 2350 रुपये/क्विंटल हो गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में खरीफ फसलों के साथ ही रबी फसलों के लिए भी एमएसपी में लगातार रिकॉर्ड बढ़ोतरी की गई है। वर्ष 2013-14 की तुलना में गेहूं 1350 रुपये से बढ़कर आज 2125 रुपये, जौ 980 रुपये से बढ़कर आज 1735 रुपये, चना 3000 रुपये से बढ़कर आज 5335, सरसों 3000 रुपये से बढ़कर आज 5450 रुपये, कुसुम 2800 रुपये से बढ़कर आज 5650 और मसूर 2900 रुपये से बढ़कर आज 6000 रुपये प्रति क्विंटल है। भाजपा किसानों की आय दोगुनी करने को संकल्पित है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इस दिशा में एमएसपी में लगातार वृद्धि, नीम कोटेड यूरिया और यूरिया खरीद में सब्सिडी, किसान सम्मान निधि, पीएम किसान समृद्धि केंद्र, फसल बीमा योजना काफी कारगर रही हैं। यूरिया क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए देश अब वन नेशन वन फ़र्टिलाइज़र की तरफ बढ़ रहा है। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए खाद, बीज, उपकरण, मिट्टी की टेस्टिंग और हर प्रकार की जानकारी के लिए देश के 3.3 लाख खाद्य विक्रय केंद्र को किसान समृद्धि केंद्र में बदला जा रहा है। फिलहाल अब तक 11.3 करोड़ से अधिक किसानों को 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की किसान सम्मान निधि आवंटित की गई है।














