दीप जलाकर रोशनी से जगमग कर दिया पत्रकारिता विभाग

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। सीसीएसयू के तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में दीप उत्सव मनाया गया। इस दौरान छात्र व छात्राओं ने सुंदर रंगोली बनाई और पूरे विभाग को दीप जलाकर रोशनी से जगमग कर दिया। इस दौरान विभाग में लक्ष्मी का पूजन भी किया गया। पूजन के पश्चात लक्ष्मी व गणेश की आरती की गई। छात्र एवं छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं ने भगवान के भजनों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया।

तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल के निदेशक प्रोफेसर प्रशांत कुमार ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी तथा कहा कि यह एक रोशनी का पर्व है, इसे धूमधाम से मनाया जाता है। छात्रों से अपील की कि पर्यावरण को ध्यान रखते हुए दीपावली मनाएं, इको फ्रेंडली पटाखे ही जलाए तथा लोगों को जागरूक करें कि वह भी प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए कम से कम पटाखे जलाएं। विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि दीपावली के दिन हम घरों में घी के दीपक जलाते हैं और झालरों के माध्यम से घर को रोशनी से जगमग करते हैं। घर की सफाई करते हैं, इसी प्रकार हमें प्रदूषण को भी साफ करना है। पर्यावरण की रक्षा करनी है, जिससे हमारा वायुमंडल स्वच्छ रहे। इस अवसर पर लव कुमार, मितेंद्र कुमार गुप्ता, राकेश कुमार, उपेश ज्योति राठौर तथा विभाग के समस्त छात्र एवं छात्राएं मौजूद रहें।

खबरें और भी हैं...