राधा दामोदर मंदिर में धूमधाम से मना गोवर्धन पूजा महोत्सव

:- ठाकुर राधा दामोदर लाल को लगाया गया अन्नकूट का प्रसाद और 56 प्रकार का भोग

भास्कर समाचार सेवा

वृन्दावन । कान्हा की नगरी श्री धाम वृंदावन में दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का बड़ा ही महत्व है। वृंदावन के सभी मंदिरों में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट प्रसादम का आयोजन बड़े ही धूमधाम के साथ किया जाता है। इसी क्रम में प्राचीन सप्तदेवालयों में से एक ठा. राधादामोदर मंदिर में अन्नकूट महोत्सव की विशेष धूम रही। मंदिर सेवायतों द्वारा सुबह गिरिराज शिला का अभिषेक व शृंगार कर आरती उतारी गई। साथ ही चावल, हलवा, मेवा, फल आदि से गिरिराज पर्वत एवं छप्पन प्रकार के व्यंजन सजाकर अन्नकूट का प्रसाद निवेदित गया। वही ठाकुर राधा दामोदर लाल की इस मनोहारी छटा के दर्शन भक्तो ने गोवर्धन महाराज की जय के जयकारे लगाए।
वह इस मौके पर जानकारी देते हुए मंदिर के सेवायत कृष्ण बलराम गोस्वामी ने बताया कि हर वर्ष दीपावली के अगले दिन राधा दामोदर मंदिर में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट प्रसाद का भव्य आयोजन किया जाता है। राधा दामोदर मंदिर में गोबर से गोवर्धन महाराज का निर्माण नहीं किया जाता है, क्योंकि यहां स्वयं ही भगवान श्री कृष्ण की चरण पादुका वाली शिला मौजूद है। राधा दामोदर मंदिर में गोवर्धन पूजा की जाती है और प्रातः कालीन बेला में उसी शिला का पंचामृत से अभिषेक किया जाता है और अन्नकूट प्रसाद का भोग लगाया जाता है।

खबरें और भी हैं...