लूट की घटना का अनावरण, एक लुटेरा गिरफ्तार


भास्कर समाचार सेवा इटावा। जनपद में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह द्वारा चलाये जा रहे अभियान के क्रम एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी सैफई के नेतृत्व में थाना वैदपुरा पुलिस ने थाना वैदपुरा क्षेत्रान्तर्गत हुयी लूट की घटना का अनावरण करते हुए एक लुटेरे को गिरफ्तार किया।
पीड़ित उपेन्द्र कुमार पुत्र महाराज सिंह निवासी वैराइन वैदपुरा द्वारा थाना वैदपुरा पर सूचना दी कि 24 अक्टूबर 2022 को जब मैं सैफई स्थित अपनी दूध डेयरी से वापस अपनी मोटर साइकिल से वैदपुरा की ओर आ रहा था तभी फायर स्टेशन के पास पीछे से आ रहे अपाचे मोटरसाइकिल सवार 3 अज्ञात बदमाशों द्वारा मेरी मोटर साइकिल में लात मारकर मुझे गिरा दिया गया एवं मेरा मोबाइल फोन व 70 हजार रुपये लूट कर सैफई की ओर भाग गये। उक्त लूट की घटना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए घटना के सफल अनावरण एवं आरोपियो की गिरफ्तारी हेतु क्षेत्राधिकारी सैफई के नेतृत्व में थाना वैदपुरा से पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा लूट की घटना के सफल अनावरण हेतु इलैक्ट्रोनिक, मैनुअल साक्ष्यों को संकलित करते हुए निरंतर संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही थी इसी क्रम में आज पुलिस टीम को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुयी कि नगला बरी के पास अपाचे मोटरसाइकिल सवार 3 व्यक्ति कहीं जाने कि फिराक में खडे है, जो कि संदिग्ध प्रतीत हो रहे है। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा दबिश देकर नगला बरी से एक आरोपी विपिन कुमार पुत्र प्रमोद कुमार निवासी बनामई वैदपुरा को मोटर साइकिल सहित पकड लिया गया एवं अन्य दो व्यक्ति भागने में सफल रहे। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लूट की घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटर साइकिल यूपी 77 जेड 7110, लुटे हुए 2500 रुपये नगद, एक अवैध तमंचा 315 बोर, 2 अवैध जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुए। इस सफलता में थानाध्यक्ष वैदपुरा राजीव कुमार यादव , उपनिरीक्षक नेम सिंह, का. अभिषेक पंवार, का. गवेन्द्र सिंह का सराहनीय योगदान रहा।

खबरें और भी हैं...