तालाब में डूबने से दो सहेलियां की हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम

सांकेतिक फोटो

भास्कर समाचार सेवा
फिरोजाबाद। थाना फरिहा क्षेत्र में तालाब में डूबने से दो सहेलियों की मौत हो गई जबकि उनके साथ गईं दो अन्य सहेलियों ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। बेटियों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि वह सभी सहेलियां भैंस चराने के लिए गई थीं, तभी यह हादसा हो गया।
फरिहा थाना क्षेत्र के गांव इटाहरी निवासी 13 वर्षीय पुष्पा पुत्री दयाशंकर यादव, 12 वर्षीय तनु पुत्री स्व. नीटू यादव अपने दो अन्य सहेलियों संध्या और राधा के साथ मंगलवार को गांव के पास बने बत्तीसा तालाब में भैंस चराने के लिए गई थीं। बताया जाता है कि भैंस चराते समय पुष्पा और तनु का पैर फिसल गया, जिससे वह तालाब में डूब गईं। उनके साथ खड़ी दो सहेलियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सकीं। दोनों भागकर गांव पहुंचीं और घर इस घटना की जानकारी दी। बेटियों के तालाब में डूबने की खबर पाकर दोनों बच्चियों के परिजन तालाब किनारे पहुंच गए। जहां उन्होंने उनकी खोजबीन शुरू कर दी। करीब आधा घंटे की खोजबीन के बाद दोनों बच्चियों के शवों को तालाब से बाहर निकाला गया। बेटियों की मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पर एसडीएम विवेक राजपूत और सीओ देवेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिवार को ढांढ़स बंधाते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुष्पा का पिता दयाशंकर बाहर हलवाई गिरी का काम करता है जबकि तनु के पिता की तीन साल पहले मौत हो चुकी है। थानाध्यक्ष कृपाल सिंह का कहना है कि तालाब में डूबने की वजह से बालिकाओं की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।

खबरें और भी हैं...