
गुस्साये लोगों ने आरोपी चालक को पकड़कर किया पुलिस के हवाले
भास्कर समाचार सेवा
जहाँगीराबाद। नगर की वाल्मीकि बस्ती में एक परिवार की भाईदूज की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब घर के बाहर खेल रही परिवार की तीन वर्षीय मासूम बच्ची को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। इस दुर्घटना में मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद परिजनों ने अन्य लोगों की सहायता से आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मासूम बच्ची के शव का पँचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक वाल्मीकि बस्ती निवासी मोनू की तीन वर्षीय पुत्री जाह्नवी गुरुवार की शाम घर के बाहर खेल रही थी। उसी समय चांदौक दोराहे की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कोर्पियो ने मासूम बच्ची को रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने गाड़ी में तोड़फोड़ की और आरोपी चालक की भी धुनाई की। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद मृतक बच्ची के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। घटना के सम्बंध में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

भाई से गोद ली थी बच्ची
बताया जा रहा है कि मोनू ने अपने भाई से जाह्नवी को गोद लिया था। इकलौती बच्ची को खोने के बाद मोनू व उसकी पत्नी का रो रो कर बुरा हाल है। इसी के साथ मौहल्ले में भी मातम छाया हुआ है।
“मृतक बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही की जा रही है”।
– नीरज कुमार, कोतवाली प्रभारी जहाँगीराबाद।













