मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में हरियाणा का हो रहा है चंहुमुखी विकास-विधायक बड़ौली

भास्कर समाचार सेवा

रोहतक / सोनीपत। राई से विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि देश के सबसे लोकप्रिय और ईमानदार मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में बनी भाजपा की प्रदेश सरकार का 8 वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इस 8 वर्ष में सरकार ने अनगिनत उपलब्धियां हासिल कर प्रदेशवासियों के दिलों पर अपनी अनूठी छाप छोड़ी है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में हरियाणा का चहुमुखी विकास हो रहा है। युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार ने औद्योगिक क्षेत्र की योजनाओं को सरल बनाया है, जिसके कारण हरियाणा में अनेक अंतरराष्ट्रीय कंपनियां अपना निवेश कर रही हैं। हाल ही में जिला के खरखौदा क्षेत्र में मारूति अपना नया प्लांट स्थापित कर रही है जिससे इस क्षेत्र में रोजगार के अधिक अवसर पैदा होंगे और यहां का विकास होगा। इसके अलावा जिला में सडक़ तंत्र को मजबूत किया जा रहा है ताकि इस क्षेत्र के विकास को और बढ़ावा मिल सके।
हरियाणा सरकार के आठ साल पूरे होने पर विधायक बड़ौली ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने बीते 8 सालों में हरियाणा को भ्रष्टाचार से मुक्त करने के लिए कठोर कदम उठाएं हैं। आज हरियाणा में युवाओं को बिना खर्ची व पर्ची के सरकारी नौकरियां मिल रही है। इसके अलावा लोगों के सभी कार्य बिना भ्रष्टाचार तथा निश्चित समय में पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंत्योदय मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान अभियान के प्रथम चरण में सबसे गरीब 2 लाख परिवारों की पहचान करके उनकी न्यूनतम वार्षिक आय 1 लाख रुपये करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान में सबसे पहले सबसे गरीब व्यक्ति का उत्थान करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक प्रदेश में अंत्योदय उत्थान मेलों के तीन चरणों 33 हजार से अधिक गरीब परिवारों को स्वरोजगार के लिए ऋण और निजी क्षेत्र में नौकरियां दिए गए हैं।
विधायक ने कहा कि हरियाणा सरकार ने मेरी फसल-मेरा ब्यौरा वैब पोर्टल बनाया है। इस पर किसान अपने द्वारा बोई गई फसल और खेत का ब्यौरा घर बैठे भर सकते हैं। ऐसा करने से उनको अपनी फसल को बेचने या इसके खराब होने पर मुआवजा लेने के लिए सरकारी दफ्तरों और कर्मचारियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और आने वाली फसलों के लिए खाद, बीज, ऋण और कृषि उपकरणों के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता भी घर बैठे मिल सकेगी। इस पोर्टल पर रबी व खरीफ सीजन में लगभग 9 लाख किसान पंजीकरण करवाते हैं।
विधायक ने कहा कि ऑनलाइन सेवाएं व्यवस्था परिवर्तन की प्रक्रिया में सरकार कम से कम-सुशासन अधिकतम के भाव से सरकारी लाभ देने में मानवीय हस्तक्षेप को कम करने के लिए अंत्योदय सरल पोर्टल पर 42 विभागों की 572 सेवाएं और योजनाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। अकेले 12 लाख शिकायत सीएम विंडो पर मिलीं, जिसमें से 90 फीसदी का निपटारा किया गया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन स्थानांतरण नीति लागू करके तबादला उद्योग को बंद कर अध्यापकों के सम्मान को बहाल किया गया। वहीं अध्यापकों से शुरू की गई यह व्यवस्था अब अन्य विभागों में भी लागू की जा चुकी है। 43 विभागों के 80 से अधिक पदों वाले 214 काडर में ऑनलाइन स्थानांतरण नीति लागू हो चुकी है।

खबरें और भी हैं...