
भास्कर समाचार सेवा
चकरनगर/ इटावा।क्षेत्र पंचायत चकरनगर में ब्लाक प्रमुख पद के लिए आज शुक्रवार को सम्पन्न हुए उपचुनाव छुटमुुट झड़प की खबर है। क्षेत्र 44 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ढाई बजे तक मतदान किया। इसके उपरांत मतगणना संपन्न कराई गई। मतगणना में चार मत खराब पाए गए, जबकि सपा समर्थित प्रत्याशी को 17 मत व भाजपा समर्थित प्रत्याशी को 23 मत मिलने पर विजयी घोषित किया गया। खास बात यह रही कि इस मौके पर पत्रकारों को क्षेत्र पंचायत सभागार से करीब पांच सौ मीटर दूर ही रोक दिया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार क्षेत्र पंचायत चकरनगर में ब्लाक प्रमुख पद के लिए शुक्रवार को पुलिस सुरक्षा के बीच मतदान संपन्न कराया गया। इस दौरान लवेदी थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना पुल पर लगाई गई वेरीकेटिंग पर समाजवादी पार्टी के काफिले के साथ जा रहे क्षेत्र पंचायत सदस्यों की गाड़ियां रोक ली गई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक उर्फ अंशुल यादव की पुलिस से काफी झड़प हुई, लेकिन पुलिस ने उनकी एक न सुनी और जांच पड़ताल के उपरांत पुलिस सुरक्षा के बीच क्षेत्र पंचायत सदस्यों को ले जाकर मतदान कराया गया। ढाई बजे आखिरी वोट डाला गया।तीन बजे के बाद मतगणना शुरू कराई गई, जिसमें चार मत खराब पाए गए और समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी प्रमिला यादव को 17 मत मिले, जबकि 23 मत पाने वाली भाजपा समर्थित प्रत्याशी राधा यादव को विजयी घोषित किया गया। इसके उपरांत हारने वाली सपा समर्थित प्रत्याशी प्रमिला यादव को पुलिस सुरक्षा में उनके घर पहुंचाया गया। इसके उपरांत दूसरे काफिले के साथ जीती प्रत्याशी को भी घर पहुँचाया गया।
सपा प्रत्याशी ने लगाये आरोप:
समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी प्रमिला यादव के पुत्र उमेश यादव उर्फ लंकू ने प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव के रहते गलत करने का आरोप लगाया है, उन्होंने कहा कि प्रत्याशी को क्षेत्र पंचायत सभागार से बाहर नीम के पेड़ के पास दूर बैठायाा गया। वहां से गलत और सही का कुछ भी पता नहीं चला। इसके उपरांत उन्होंने कहा कि मीडिया को आखिरकार प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा दूर क्यों रखा गया इसका मतलब सीधा है, कि प्रशासन का गलत काम करने का पहले से ही इरादा था। उन्होंने आगे बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा पांच सदस्यीय टीम चुनाव संपन्न कराने के लिए बनाई गई थी। हमारी टीम को पुलिस अधिकारियों के द्वारा 10 किमी पहले ही रोक लिया गया, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी के सभी समर्थक चकरनगर कस्बा में ही बड़ी संख्या में मौजूद रहे।













