
देश की राजधानी दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और शुक्रवार को पटेल नगर में बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक नाबालिग की सरेआम चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई।हमला करने वाले भी नाबालिग हैं और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित युवक के परिजनों ने मामले में पुलिस पर भी सवाल उठाए हैं।
आरोपियों ने पीड़ित को पतली सी गली में घेरा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पटेल नगर का रहने वाला 17 वर्षीय मनोज नेगी शुक्रवार रात लगभग 9:15 बजे ITI पूसा से पढ़कर अपने घर लौट रहा था, तभी एक पतली गली में दोनों आरोपियों ने उसे घेर लिया और चाकुओं से उस पर हमला करने लगे।मनोज कुछ देर तक उनसे संघर्ष करता रहा, लेकिन अंत में हमलावर उसकी पीठ में चाकू घोंपकर भाग गए। चाकू पीड़ित की पीठ में ही फंसा रह गया।
पास से निकलते रहे लोग, लेकिन किसी ने नहीं की मनोज की मदद
CCTV कैमरे में देखा जा सकता है कि पीठ में चाकू लगा होने पर भी मनोज खड़ा होकर अपने फोन से किसी को कॉल करने की कोशिश करता है, लेकिन दो-तीन कदम चलने के बाद ही बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ता है।इसके बाद कई लोग उसके पास से गुजरते हैं, कुछ लोग चंद सेकंड रुक कर उसे देखते भी हैं, लेकिन कोई भी उसे अस्पताल लेकर नहीं जाता।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी, हत्या का केस दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मनोज को अस्पताल लेकर गई। हालांकि उसे बचाया नहीं जा सका।मामले में तत्पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और मारपीट की धाराओं के तहत FIR करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी भी नाबालिग बताए जा रहे हैं।हत्या के लिए इस्तेमाल किए गए चाकू को भी बरामद कर लिया गया है जो मनोज की पीठ में ही लगा हुआ था।
मनोज की बहन से छेड़छाड़ करते थे आरोपी, घर जाकर किया था विरोध
मनोज के पिता चंदन नेगी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि लगभग एक हफ्ते पहले उनके बेटे ने बताया था कि दोनों आरोपी उनकी बेटी से छेड़छाड़ करते थे। उन्होंने कहा कि मनोज ने आरोपियों के घर जाकर इसका विरोध किया था, जिसके कारण आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।उन्होंने कहा कि उन्होंने पुलिस को भी इसकी सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।













