
भास्कर समाचार सेवा
अलीगढ़। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह सदैव ही जनहित में अभिनव प्रयोग करते रहते हैं। उनकी मंशा रहती है कि कलैक्ट्रेट आने वाला या फिर इससे इतर कोई अन्य व्यक्ति परेशान न रहे। इसी मंशा को साकार करते हुए जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने एक नया अभिनव प्रयोग करते हुए बैंक सम्बन्धी विभिन्न की समस्यों के त्वरित निदान के लिये कलैक्ट्रेट में केनरा बैंक के माध्यम से ’’वन शॉप फॉर योर बैंकिंग नीड्स’’ की हैल्प डेस्क की स्थापना की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि उनके द्वारा प्रतिदिन की जाने वाली जनसुनवाई में काफी लोग आते हैं। आमजन को बैंक से संबंधित भी काफी समस्याएं होती हैं, इसलिए इस पहल की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य लोगों की विभिन्न समस्याओं का आसानी से समाधान कराना है। इस हेल्प डेस्क पर बैंक में नया खाता खुलवाने के साथ खाते से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान अतिशीघ्रता से किया जाएगा। आमजन के धन के साथ समय की बचत भी होगी। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की हेल्प डेस्क विकास भवन में भी लगाई गई है, क्योंकि विकास भवन में भी काफी संख्या में आमजन अपने कार्यों के लिए आते हैं। आज केनरा बैंक द्वारा हेल्प डेस्क लगाई गई है, इसी तरह क्रमशः अन्य बैंक द्वारा भी निश्चित दिनों के लिए हेल्प डेस्क लगाई जाएंगी।


















