
समस्त विकास परियोजनाओं को समयबद्धता के साथ पूरा कराए: आयुक्त
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। आयुक्त कार्यालय सभागार में मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे की अध्यक्षता में शासन के 37 विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। समीक्षा बैठक में आयुक्त द्वारा विकास कार्यों की बिन्दुवार समीक्षा की गई।
निर्देशित किया गया कि जनपद में चल रही समस्त विकास परियोजनाओं को समयबद्धता के साथ पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा, जनहित से संबंधित योजनाओं एवं शिकायतों को प्राथमिकता पर लेते हुए समस्त विभागीय अधिकारी कार्यवाही सुनिश्चित करें। शासन की मंशा अनुरूप जनहित के कार्यों का संतृप्तीकरण हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। कहा, समस्त वरिष्ठ अधिकारी जनपद स्तर पर संचालित योजनाओं की मॉनिटरिंग लगातार करते रहें तथा विभिन्न नवाचार गतिविधियों को भी आगे बढ़ाते हुए कार्यवाही करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी मेरठ दीपक मीणा, सीडीओ मेरठ शशांक चौधरी, सीएमओ डा. अखिलेश मोहन, सभी जिलों के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य मंडलीय अधिकारीगण उपस्थित रहें।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मंडल में डेंगू एवं संचारी रोग, हैल्थ एटीएम, हैल्थ एंड वेलनेस सेंटर, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत योजना जैसे प्रमुख बिन्दु जो कि मुख्य सचिव की बैठक में उठाये गये के संबंध में संबंधित अधिकारी से रिपोर्ट प्राप्त की। डेंगू एवं संचारी रोग हेतु विभागीय स्तर पर प्रत्येक जनपद में उठाये गये निरोधात्मक निवारक उपाय के लिए आवश्यक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। आयुक्त ने कहा, आगे के लिए भी अभी से प्लानिंग करते हुये कार्यवाही सुनिश्चित करें, जिससे कि अगले मौसम में डेंगू एवं संचारी रोग के केस बढ़ने की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की समीक्षा
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया, योजना के अंतर्गत आच्छान्दित बच्चों से लगातार संपर्क बनाये रखा जाए। सरकार द्वारा उनके सहायतार्थ उपलब्ध करायी जा रही धनराशि समय से पहुंचे यह सुनिश्चित किया जाये। कृषि विभाग के अंतर्गत ज्योग्रफिकल इंडीकेशन प्राप्त करने हेतु मंडल में ऐसे उत्पाद की सूची बनाते हुये आवश्यक प्रक्रिया का पालन कर कार्यवाही की जाये। इसके अलावा एफपीओ, सोलर फोटो वोल्टेक पम्प योजना की समीक्षा कर कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये। समीक्षा बैठक में शादी अनुदान योजना, पेंशन योजना, छात्रवृत्ति योजना, कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना सहित अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं की समीक्षा कर लक्ष्य अनुरूप प्रगति लाये जाने के निर्देश दिये गये।
उद्योग क्षेत्र को दिया जाए बढ़ावा
उद्योग क्षेत्र को बढ़ावा दिये जाने हेतु ओडीओपी, नई एमएसएमई योजना के प्रावधान पर चर्चा की। निर्देशित किया, मेरठ मंडल में प्रत्येक जनपद में निवेशकों को अधिक से अधिक आकर्षित करना तथा रोजगार के अवसर अधिक उपलब्ध हो यह हमारी प्राथमिकता में होना चाहिए, इसके लिए पूरी तरह से प्लानिंग करते हुये कार्यवाही की जाये। निवेशकों की जरूरत के अनुसार दी जाने वाली सुविधाओं को सूचीबद्ध कर कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहा, एमएसएमई के अंतर्गत लाभार्थियों को लोन वितरण का कार्य समय से किया जाना सुनिश्चित करें।
सभी का बनें आधार कार्ड, न हो लापरवाही
निदेशक यूआईडीएआई की उपस्थिति में आधार बनाये जाने एवं जनपदवार संतृप्तीकरण का प्रतिशत तथा आगामी समय में इसकी उपयोगिता आदि के संबंध में प्रजेन्टेशन देते हुये समस्त जनपद के जिलाधिकारियों से कहा गया, जिला स्तर पर विभिन्न विभागों के माध्यम से आधार बनाये जाने हेतु शत-प्रतिशत कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होंने बताया, अन्य आयु वर्ग से 0.5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार कार्ड बनाये जाने का प्रतिशत काफी कम है, जिसमें प्रगति लाने हेतु अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाये। आयुक्त ने कहा, इसमें कई विभाग सकारात्मक भूमिका निभा सकते है। आधार कार्ड न होने के कारण बहुत से लाभार्थियों को हम लाभ नहीं दे पाते है, इसलिए जनहित में प्रत्येक आयु वर्ग का आधार कार्ड सुनिश्चित करने हेतु कार्यवाही की जाये।













