Weather Today : जयपुर समेत प्रदेशभर में बदला मौसम का मिजाज, पढ़ें ताजा अपडेट

बारिश-ओलावृष्टि के बाद राजधानी

जयपुर  (हि.स.)। राजस्थान में दो दिन पहले हुई बारिश-ओलावृष्टि के बाद तापमान में बड़ी गिरावट आई है। इससे प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात और दिन का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक लुढक़ गया। देर रात और अलसुबह कई शहरों में हल्का कोहरा और धुंध भी छाई रही। वहीं, हल्की ठंडी हवा चलने से सर्दी भी बढ़ गई। कल से उत्तरी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट होने और सर्दी बढ़ने की भी संभावना जताई गई है।

जयपुर में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक मौसम ने करवट ली। बादल उमड़े और ढाई बजते-बजते तेज बारिश शुरू हो गई। चने के आकार के ओले भी गिरे। इस दौरान तेज हवाएं चलीं। इस वजह से दिन में ही ठिठुरन बढ़ गई। करीब आधा घंटा हुई बारिश से पारा गिरा है। बुधवार रात में भी जयपुर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई थी। विशेषज्ञों के मुताबिक मौसम में अचानक बदलाव स्थानीय स्तर पर हुई क्लाउडिंग से हुआ। इसका असर जयपुर के अलावा सीकर और नागौर जिलों में भी देखने को मिला। चंद्रग्रहण वाले दिन यानी 8 नवंबर को भी जयपुर जिले में ओले गिरे थे। सीकर में देर रात रुक-रुककर बारिश होती रही। इसके बाद गुरुवार सुबह से बादल छाए रहे। जिले में अन्य स्थानों पर भी देर रात को हल्की बारिश हुई। दिन भर बादल छाए रहे, लेकिन बरसे नहीं। नागौर और भरतपुर के आसपास भी हल्के बादल छाए रहे, पर बारिश नहीं हुई।

मौसम विभाग के अनुसार ठंडक‎ का असर बढ़ने से दिन के तापमान‎ में गिरावट आने की संभावना‎ है। जयपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तरी राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ क्षेत्र में सुबह वातावरण में हल्की धुंध, कोहरा छाया रहा, लेकिन सूरज चढ़ने के साथ ही मौसम साफ हो गया। मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार कल से उत्तरी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट आएगी। राजस्थान में 11 नवंबर से उत्तरी हवाओं का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। दिन-रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी।

बीती रात अजमेर में 18.7, बाड़मेर में 20.1, बीकानेर में 16, चूरू में 14.4, जयपुर में 18.9, जैसलमेर में 18.4, जोधपुर में 17.3, कोटा में 17.8, श्रीगंगानगर में 15.9, उदयपुर में 14.4 तथा भीलवाड़ा में 14.8 न्यूनतम तापमान रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को दौसा, सवाई माधोपुर, करौली, जयपुर और टोंक जिले में बूंदाबांदी के आसार जताए हैं। इससे पहले शुक्रवार सुबह पूरे जयपुर में धुंध छाई रही। झालाना, जगतपुरा, मानसरोवर, सांगानेर, न्यूसांगानेर रोड, सीकर रोड, दिल्ली रोड सहित अन्य जगहों पर दृश्यता काफी कम रही। वाहन चालक लाइट जलाकर अपने गंतव्य तक जाते नजर आए। मौसम केंद्र प्रभारी आरएस शर्मा ने बताया कि कल से उत्तरी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट आएगी। शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं रहेगा। हालांकि, कुछ स्थानों पर बादल छाए रह सकते हैं। इसी के साथ हवा के पैटर्न में बदलाव होगा। इस कारण तापमान में गिरावट होगी।

खबरें और भी हैं...