
– रातीबड़ इलाके में बेसुध मिला कर्मी
भोपाल (हि.स.)। राजधानी भोपाल में एक बैंक कर्मी के अपहरण का मामला सामने आया है। बताया गया है कि उसके परिजनों से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांग गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
टीटी नगर थाना पुलिस के अनुसार, आईसीआईसीआई बैंक का कर्मचारी राहुल राय शुक्रवार को बेसुध हालत में रातीबड़ इलाके में मिला है। बताया गया है कि उसका अपहरण कर उसकी मां को एक करोड़ रुपये की फिरौती के लिए फोन किया गया था। परिवार पैसा नहीं जुटा पाया। इसके बाद अपहरणकर्ता उसे मरा समझकर छोड़कर भाग गए। पुलिस का कहना है कि फिलहाल राहुल बयान देने की स्थिति में नहीं है। सहायक पुलिस आयुक्त टीटी नगर चंद्रशेखर पाण्डेय ने बताया कि उसका अभी इलाज चल रहा है। होश में आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।













