
हिमाचल की 68 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी है। सुबह के 3 घंटे (8 से 11 बजे तक) में 17.98% वोटिंग हुई। मंडी जिले सबसे ज्यादा 21.92% और लाहौल स्पीति में सबसे कम 5% मतदान हुआ। वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी। चुनाव अधिकारियों का कहना है कि मतदान पर सर्दी और बर्फबारी का असर देखा जा रहा है। दोपहर तक मतदान का प्रतिशत निश्चित बढ़ेगा।
पूरे हिमाचल से 412 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य के करीब 56 लाख मतदाता इनकी किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें 28 लाख 54 हजार 945 पुरुष, 27 लाख 37 हजार 845 महिलाएं और 38 थर्ड जेंडर वोटर हैं। मतगणना 8 दिसंबर को होगी। 2017 में राज्य में 75.57% मतदान हुआ था।


मतदान के लाइव अपडेट्स…
- PM नरेंद्र मोदी का ट्वीट, ‘देवभूमि के समस्त मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। पहली बार वोट देने वाले राज्य के सभी युवाओं को मेरी विशेष शुभकामनाएं।
- राज्य मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोगों से कहा- पहले मतदान, फिर जलपान।
- राहुल और प्रियंका गांधी ने कहा- हिमाचल पुरानी पेंशन बहाली के लिए वोट करेगा, हिमाचल रोजगार के लिए वोट करेगा, हिमाचल हर घर लक्ष्मी योजना के लिए वोट करेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर के मतदान केंद्र पर वोट डाला।
- चंबा जिले के कबायली क्षेत्र पांगी के पुरथी मतदान केंद्र में सुबह आठ बजे EVM मशीन खराब होने की शिकायत आई। मतदान एक घंटे देरी से शुरू हुआ।
सुलह सीट पर सबसे ज्यादा वोटर
कांगड़ा जिला के सुलह विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 1 लाख 6 हजार 976 वोटर और लाहौल स्पीति में सबसे कम 24 हजार 744 में सबसे कम वोटर हैं। कांगड़ा जिला में सबसे ज्यादा 1,625 और लाहौल-स्पीति में सबसे कम 92 पोलिंग बूथ हैं। सभी मतदान केंद्र पोलिंग के लिए तैयार कर दिए गए है। 15 प्रतिशत पोलिंग पार्टियां और 15% EVM रिवर्ज रखी गई है, ताकि कहीं EVM के खराब होने पर तत्काल बदला जा सके।
अभी राज्य की सत्ता में भाजपा
प्रदेश में मुख्य मुकाबला कांग्रेस व भाजपा में है। राज्य की सत्ता में अभी भाजपा है और पार्टी ने 5 साल बाद सत्ता परिवर्तन के रिवाज को बदलने के लिए पूरी ताकत लगाई है। कांग्रेस के पास अभी 20 विधायक है, जबकि BJP के पास 45 , 2 निर्दलीय और 1 CPIM का विधायक है।












