
भास्कर समाचार सेवा -बलराम शर्मा
झज्जर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को गांव कुलाना में सम्राट पृथ्वी राज चौहान की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में पहुंचेेंगे। उनके साथ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष औमप्रकाश धनखड़ और सांसद डा. अरविंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति में सम्राट पृथ्वी राज चौहान की प्रतिमा का अनावरण होगा। इसके उपरांत गांव कुुलाना में जनसभा का आयोजन भी होगा। गांव कुलाना में प्रतिमा अनावरण समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रोहतक रेंज की एडीजीपी ममता सिंह, डीसी कैप्टन शक्ति सिंह व एसपी वसीम अकरम ने शनिवार को समारोह स्थल का जायजा लिया और जरूरी दिशा निर्देश दिए। केंद्रीय रक्षा मंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर केंद्र सरकार के अधिकारियों के दल ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
एडीजीपी ममता सिंह ने सभी अधिकारियों को विशिष्टजनों के प्रोटोकॉल के अनुसार निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। हेलीपेड से प्रतिमा स्थल व जनसभा तक आवागमन सुचारू बनाया जाए। साथ ही जनसभा में आने वाले लोगों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाए।
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुलाना चौक के समीप उस स्थल का निरीक्षण किया,जहां पर सम्राट पृथ्वी राज चौहान की प्रतिमा का अनावरण होगा। उन्होंने हेलीपेड व जनसभा के लिए निर्धारित स्थान का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हेलीपेड को लेकर विभागीय नियमों की पालना की जाए।
उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों को समय पर पूरा करवाना के साथ ही जनसभा स्थल पर पेयजल, स्वच्छता व अन्य आवश्यक इंतजामों को भी समय रहते पूरा किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी कार्यों को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस की व्यवस्था के साथ साथ फायरबिग्रेड की भी समुचित व्यवस्था की जाए।
एसपी वसीम अकरम ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हर पहलु पर बारीकी से समीक्षा की और हेलीपेड, प्रतिमा अनावरण स्थल तथा जनसभा वाले स्थान पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन व पाॢकंग को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसभा में पहुंचने वाले वीआईपी, मीडियाकॢमयों व जनमानस की सुविधा के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।इस अवसर पर डीएमसी जगनिवास, जिला परिषद के सीईओ प्रदीप कौशिक, झज्जर के एसडीएम रविंद्र कुमार, बहादुरगढ़ के एसडीएम अनिल कुमार, बेरी के एसडीएम रविंद्र मलिक, डीएसपी राहुल देव, डीएसपी रविंद्र कुमार, डीआरओ प्रमोद चहल, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन नरेंद्र सिंगरोहा, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।













