
–एसडीएम ने दिया सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन
–जाम लगाने का प्रयास कर रहे लोग एसडीएम के समझाने पर माने
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ।सरधना। दूषित पानी पीने से नवजात शिशु सहित तीन की मौत होने से इलाके में दहशत का माहौल है। नौजवान के शव को देख लोगों में आक्रोश फ़ैल गया, जिसके बाद लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने की तैयारी कर डाली। सूचना पर तुरंत एसडीएम सत्य प्रकाश व थाना प्रभारी जितेंद कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। एसडीएम ने मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। मोहल्ले के लोगों ने उनके आश्वासन व क्षेत्र के गणमान्य लोगों के समझाने पर जाम नहीं लगाया। जिसके बाद पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने राहत की साँस ली।
गौरतलब है, सरधना में बिनौली रोड पर मेनका नर्सिंग होम के सामने मोहल्ला मंडी चमारान में पांच दिन पूर्व दूषित पानी पीने से लोग डायरिए का शिकार होना शुरू हो गए थे। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक़, जब लोगों ने अपने घरों में पहुंचे पानी को पिया तो कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़नी शुरू हो गयी थी। उलटी दस्त, पेट में दर्द होना शुरू हो गया था। दूषित पानी पीने बीमार हुए लोगों के परिजनों में हड़कंप मच गया था, जिन्हे विभिन अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। अब तक ढाई सौ से अधिक लोगों के बीमार होने से इलाके में दहशत का माहौल है। क्षेत्र में लोगों के बीमार होने का सिलसिला लगातार जारी रहा। बीमार होने वालों की संख्या बढ़कर 250 के पार हो गयी। जिलाधिकारी पूरी मामले नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने मौके पर पहुंचकर लोगों की पीड़ा सुनी थी। उन्हें हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया था।

दूषित पानी पीने से इनकी हो चुकी है मौत
शुक्रवार को बीमार होने वाले लोगों की संख्या कम हुई, लेकिन जो लोग बीमारी की चपेट में आए, उनमें से नवजात शिशु सहित तीन की मौत होना बताया गया। क्षेत्रीय सभासद सुभाष वेद प्रकाश ने बताया, उनके वार्ड में आबिद की पुत्री हुमैरा अपनी ससुराल से आई हुई थी। दूषित पानी पीने से बीमार हो गयी थी, जो मेरठ अस्पताल में भर्ती थी। शरीर में पानी की कमी आ जाने से उसके नवजात शिशु की मौत हो गयी। इसके अलावा मोहल्ले के ही सतीश की 65 वर्षित पत्नी रेखा की भी इसी बीमारी के चलते मौत हो गयी।
जाम की सूचना पर अधिकारियों में मचा हड़कंप
शुक्रवार की शाम मोहल्ला निवासी दीनू के 20 वर्षीय बेटे सलमान की भी मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी है। मोहल्ले में तीन लोगों की मौत होने से लोगों में दहशत फ़ैल गयी है। बताया गया, जैसे ही सलमान की मौत की खबर क्षेत्र के लोगों को लगी तो उनमें आक्रोश फ़ैल गया। सलमान का शव सरधना पहुंचा तो कुछ लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने की योजना बनानी शुरू कर दी, जिसकी सूचना पर तुरंत ही एसडीएम सत्यप्रकाश व थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वहां पहुँच गए और लोगों को समझाया।

इन्होंने समझाया तो बदला जाम का इरादा
क्षेत्रीय सभासद सुभाष वेद प्रकाश, सिराजुद्दीन मलिक, शाहवेज अंसारी, सलीम अंसारी, संजीव पवार आदि गणमान्य लोगों ने भी मोहल्ले के लोगों को समझाया और उन्हें सरकार से मदद दिलाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद लोग शांत हुए और जाम लगाने का इरादा बदला।













