
“हलधर” की पुस्तक “रेत की नदी” का हुआ विमोचन
-चौ. कृपाल सिंह की स्मृति में आयोजित किया गया कवि सम्मेलन
भास्कर समाचार सेवा
जहाँगीराबाद। क्षेत्र के गांव गहना गोवर्धनपुर में स्व चौ कृपाल सिंह की स्मृति में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए क्षेत्रीय विधायक संजय शर्मा ने राष्ट्रीय कवि जसवीर सिंह हलधर की पुस्तक रेत की नदी का विमोचन किया। इस मौके पर दूर दराज से आये दर्जन भर कवियों ने अपने काव्यपाठ से बेहतरीन समां बांधा।
रविवार को हुए कवि सम्मेलन के दौरान श्रंगार, ओज, हास्य व वीर रस की धार बही। कवि सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यातिथि क्षेत्रीय विधायक संजय शर्मा, विशिष्ट अतिथि गोविंद चौधरी ने विख्यात कवि बलवीर सिंह करुण के साथ मिलकर मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया। सम्मेलन में दूर दराज से आये मशहूर कवियों दीपक गुप्ता, डॉ सौरभकान्त शर्मा, डॉ समोद चरौरा, संजीव मुकेश, डॉ शुभम त्यागी, धर्मेन्द्र उनियाल, अवनीश मलासी, डॉ स्वदेश चरौरा, अनूप भारतीय व प्रवीण राही ने अपने अपने काव्यपाठ से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर मूल रूप से गहना गोवर्धन निवासी प्रख्यात कवि जसवीर सिंह हलधर की पुस्तक रेत की नदी का विधायक संजय शर्मा ने विमोचन किया। कवि सम्मेलन में आये कवियों को स्मृति चिन्ह देकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन कवि जवसीर सिंह हलधर व आयोजन लुहाच परिवार द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीकांत श्री व अध्यक्षता कवि बलवीर सिंह करुण ने की। कार्यक्रम में सोमदत्त शर्मा, संजय साफी, यतेंद्र छोटे गहना, चेतन शर्मा, डॉ सूरजभान माहुर आदि सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।













