निकाय चुनाव में पंजाबी समाज को मिले भागीदारी: निशान्त परूथी

भास्कर समाचार सेवा
 मेरठ। पंजाबी समाज उत्तर प्रदेश  की प्रेस वार्ता रजबन स्थित अतिथि भवन में हुई , जिसमें पंजाबी समाज के राष्ट्रीय, प्रदेश स्तरीय तथा स्थानीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। पंजाबी समाज को उप्र में होने वाले निकाय चुनाव में भागीदारी देने की भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित उच्च पदाधिकारियों से मांग की।

राष्ट्रीय संयोजक प्रवीन सेठी व प्रदेश अध्यक्ष निशान्त परूथी ने बताया, पंजाबी कौम एक बहुत मेहनती और स्वाभिमानी कौम है। सभी जानते हैं कि विभाजन के बाद पंजाबी समाज के पास कुछ नहीं था। अपनी लगन और मेहनत के बल पर आज पंजाबी एक कामयाब कौम है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजावी समाज ने जनसंघ के समय से ही भारतीय जनता पार्टी का तन-मन-धन से साथ दिया है और पार्टी के आदेश को ही सर्वोपरि माना है। परन्तु अब वह समय आ गया है कि पार्टी को पंजाबी समाज के बारे में विचार करना चाहिए। मुझे यह कहने में कोई शर्म नहीं है कि इतनी मेहनत के बावजूद पार्टी ने हमारे समाज के अधिकतर लोगों को टिकट से वंचित रखा है, जबकि प्रदेश में पंजाबी समाज के 60 लाख से अधिक मतदाता भारतीय जनता पार्टी के ही समर्थक हैं। पंजाबी समाज उप्र के 75 में से 65 जिलों में पंजाबी समाज को एकजुट करने का कार्य स्थानीय यूनिटों के माध्यम से कर रहा है। प्रत्येक यूनिट का जिलाध्यक्ष वहाँ के पंजाबी समाज में अपनी उच्च प्रतिष्ठा रखता है। हम लोग भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह से आग्रह करते हैं कि इस निकाय चुनाव में हमारे समाज के योग्य कार्यकर्ताओं को टिकट दिया जाये और जल्द ही हमारा एक प्रतिनिधि मंडल प्रदेश अध्यक्ष तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट करेगा।

खबरें और भी हैं...