बाजार गई युवती से छेड़छाड़, मुकदमा दर्ज-परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

भास्कर समाचार सेवा
जहाँगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बाजार से सामान लेने गई युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को सौंपकर मुकदमा दर्ज कराया है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता के पिता ने तहरीर में बताया है कि दो दिन पूर्व जब उसकी 19वर्षीय पुत्री बाजार से सामान लेने गई थी। आरोप है कि सामान लेकर वापस लौटते समय गांव के ही सुंदर नामक युवक ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर मनचले युवक ने पीड़िता के साथ मारपीट कर उसके कपड़े तक फाड़ दिए। खुद को किसी तरह बचाकर युवती बदहवास हालत में घर पहुंची और अपनी आपबीती परिजनों को बताई। गुस्साये परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

वर्जन -पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
नीरज कुमार, कोतवाली प्रभारी जहाँगीराबाद।

खबरें और भी हैं...