धूमधाम से मनाया गया बालदिवस चाचा नेहरू को अर्पित किये श्रद्धासुमन

भास्कर समाचार सेवा
जहांगीराबाद। नगर स्थित शिवकुमार अग्रवाल जनता इंटर कॉलेज में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र छात्राओं ने मनमोहक नाटक एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बाल दिवस के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता उत्तम चंद मित्तल मौजूद रहे। उन्होंने विद्यालय के छात्र छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुए चाचा नेहरू को याद किया। उन्होंने छात्रों को हमेशा प्रसन्न रहने एवं देश में ऐसा माहौल बनाने के लिए प्रेरित किया जिससे हमारे देश का नाम विश्व पटल पर रोशन हो। विद्यालय के प्रधानाचार्य सीपी अग्रवाल ने चाचा नेहरू के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार चाचा नेहरू ने जापान के विद्यार्थियों के लिए एक हाथी को समुद्र के रास्ते जापान भेजा था। चाचा नेहरू बच्चों को अत्यंत प्रेम करते थे जिसके फलस्वरूप बच्चे भी उनसे उतना ही प्रेम करते थे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य ने चाचा नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वाद-विवाद एवं नाटक प्रतियोगिता में विजयी छात्र-छात्राओं को पारितोषिक प्रदान किए एवं विद्यालय में एक योगा कार्यक्रम का भी आयोजन किया। जिसके माध्यम से विद्यार्थी अपने जीवन योग को अपनाकर निरोग रह सके। प्रतियोगिता को सफल बनाने में दिनेश कुमार विकास दीक्षित, नीरज वार्ष्णेय, नरेंद्र कुमार गुप्ता आदि का सहयोग रहा।

खबरें और भी हैं...