
-मृतकों में 3 महिलाएं भी शामिल, श्रमिक परिवार पर टूटा आफत का पहाड़
-मुंद्रा के समीप गुंदाला स्थित नर्मदा नहर की घटना
अहमदाबाद (हि.स.)। गुजरात के कच्छ जिले के मुंद्रा गुंदाला नर्मदा नहर में डूबने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में 3 महिलाएं भी शामिल हैं। सभी पेशे से श्रमिक बताए गए हैं। घटना के बाद नहर के समीप लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और दमकल टीम घटना की छानबीन में जुट गई है।
मुंद्रा के गुंदाला गांव के समीप से नर्मदा नहर गुजरती है। यही समीप के खेत में काम करने वाले खेत मजदूर इसी नहर में गए थे। नहर में किस वजह से सभी एक साथ गए थे, इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय तैराकों के नहर में जाकर लोगों को बचाने की कोशिश करने की बात कही जा रही है। लेकिन, नहर से सभी का शव ही निकाला जा सका है। पुलिस के अनुसार मृतकों में राजेश खीमजी, कल्याण दामजी, हीराबेन कल्याण, रसिला दामजी और सविताबेन के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस नेता शक्तिसिंह गोहिल ने घटना के प्रति दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया कि कच्छ जिले की मुंद्रा तहसील के गुंदाला गांव के देवीपूजक परिवार के 5 सदस्यों के कैनाल में गिरने से मृत्यु की खबर से वे व्यथित हैं। उन्होंने गरीब परिवार को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। मृतकों के परिजनों के प्रति उन्होंने संवेदना व्यक्त की।












