
जयपुर (हि.स.)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर उदयपुर में ओड़ा रेलवे ब्रिज के ट्रैक पर हुई घटना के मामले में वरिष्ठ अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक ली। बैठक में उदयपुर में हुई इस घटना की जांच राजस्थान एटीएस-एसओजी के द्वारा करवाने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में एडीजी (अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक), एटीएस-एसओजी अशोक राठौड़ के नेतृत्व में टीम घटना की जांच करने के लिए कल ही उदयपुर जाएगी।
उल्लेखनीय है कि उदयपुर-अहमदाबाद नए ब्रॉडगेज रेलमार्ग पर यात्री गाड़ी के संचालन के 13वें ही दिन उदयपुर से 35 किलोमीटर की दूर ओड़ा रेल पुल पर शनिवार शाम विस्फोट हुआ था। इसे आतंकी या नक्सली साजिश के रूप में भी देखा जा रहा है। मौके से विस्फोटक ‘सुपर पावर – 90’ इमल्शन एक्सप्लोसिव के अवशेष मिले थे। यह एक्सप्लोसिव बाबरमाल क्षेत्र की खदानों में उपयोग में लिया जाता है। उदयपुर-अहमदाबाद नए ब्रॉडगेज रेलमार्ग का उद्घाटन हाल ही 31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असारवा (अहमदाबाद) से हरी झण्डी दिखाकर किया था। मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के बाद रेल यातायात रोक दिया गया था। मरम्मत के बाद सोमवार सुबह से ही गाडि़यों का संचालन पुनः प्रारंभ कर दिया गया है।












