
रायपुर (हि.स.)।पांच दिसंबर को होने वाले भानुप्रतापपुर उपचुनाव को लेकर कांग्रेस एवं भाजपा ने प्रदेश स्तर ने प्रत्याशियों को लेकर चितन मनन पूर्ण कर पैनल तैयार कर हाईकमान को नाम दिया है । प्रत्याशी के नाम की घोषणा 15 नवंबर तक कर दी जाएगी।
भानुप्रतापपुर के उप निर्वाचन के लिए सोमवार को एक अभ्यर्थी द्वारा अपना नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया गया। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से घनश्याम जुर्री ग्राम पलेवा, तहसील चारामा द्वारा अपना नामांकन दाखिल किया गया है।
कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार प्रत्याशी का नामांकन 17 नवंबर को होगा। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल होंगे। इस बीच पूर्व विधायक दिवंगत मनोज मंडावी की पत्नी ने पहले ही अपनी सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। जिसके चलते कयास लगाया जा रहा है कि विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी को टिकट दे सकती है।उन्होंने
सोमवार को कांकेर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र खरीदा है।आदिवासी समाज के 32 लोगों ने भी सोमवार को नामांकन पत्र खरीदा है। सभी चारामा विकासखंड के हैं। आदिवासी समाज ने आरक्षण के मुद्दे को लेकर हर गांव से प्रत्याशी खड़ा करने की घोषणा की थी।
भाजपा ने भी प्रदेश चुनाव समिति में पांच नाम का पैनल तैयार किया है और केंद्रीय चुनाव समिति को नाम भेज दिया है। भाजपा प्रत्याशी की घोषणा भी 15 नवंबर तक हो सकती है।भाजपा में ब्रह्मानंद नेताम के अलावा सरकारी नौकरी छोड़कर राजनीति के मैदान में कूदने वाले परमानंद तेता के नाम की भी चर्चा है. वहीं तीसरा नाम पूर्व जनपद अध्यक्ष रामबाई गोटा का है।
भानुप्रतापपुर उपचुनाव के लिए 17 नवंबर तक नामांकन पत्र दाखिल किया जाएगा।उपचुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने भी अपनी सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिला निर्वाचन अधिकारी व कांकेर कलेक्टर प्रियंका शुक्ला का कहना है कि भानुप्रतापपुर विधानसभा में धारा 144 लागू होने के साथ ही मतदान को संपन्न कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यहां 5 दिसंबर को मतदान होना है। नतीजा 8 दिसंबर को आएगा। 10 नवंबर से ही नामांकन दाखिल की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।












