संभव’ में आयी दस शिकायतें, मौके पर हुआ निस्तारण

भास्कर समाचार सेवा मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अरविन्द मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में ऊर्जा भवन में ‘संभव’ कार्यक्रम के अंतर्गत जन-सुनवाई आयोजित हुई। जन-सुनवाई के दौरान विद्युत चोरी, राजस्व निर्धारण, संयोजन निर्गत करने आदि से संबंधित 10 शिकायतें मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर एवं मुजफ्फरनगर आदि जनपदों से प्राप्त हुई। जिसके समयबद्ध निस्तारण के लिए प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए।

गत दिवस भी समस्त 33/11 केवी उपकेंद्रों, वितरण खंडों, जनपदवार मंडल कार्यालयों पर जन-सुनवाई आयोजित हुई, जिसमें 33/11 केवी उपकेंद्रों, वितरण खंडों एवं मंडलों में कुल 1176 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 1034 शिकायतों (लगभग 87.92 प्रतिशत) का मौके पर निस्तारण किया गया। ‘संभव’ नामक कार्यक्रम के अंतर्गत जन-सुनवाई का मुख्य उद्देश्य यह है कि जो शिकायत जहां प्राप्त हो, वही पर उस शिकायत का निस्तारण होना चाहिए। इस संबंध में प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन-शिकायतों का प्राथमिकता पर गुणवत्तापरक निवारण सुनिश्चित किया जाए। निस्तारण में विलम्ब या गैर जिम्मेदारी सिद्ध होने पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। जन-सुनवाई के दौरान एसके पुरवार निदेशक (का.एवं प्रब.), धीरज सिन्हा मुख्य अभियन्ता (वाणिज्य), मिथलेश कुमार गुप्ता अधीक्षण अभियन्ता एवं स्टाफ आफिसर, राजीव अग्रवाल अधीक्षण अभियन्ता (वा.), राजेन्द्र बहादुर अधीक्षण अभियन्ता विद्युत नगरीय वितरण मंडल, एके सिंह अधीक्षण अभियन्ता विद्युत वितरण मंडल-द्वितीय, संजीव कुमार वर्मा अधीक्षण अभियन्ता विद्युत वितरण मंडल, एसके गोयल अधिशासी अभियन्ता, मदन पाल अधिशासी अभियन्ता (मुख्यालय), गौरव कुमार अधिशासी अभियन्ता (शि.प्र.), सुमन लता (डिप्टी लॉ आफिसर) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।

खबरें और भी हैं...