
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। सूरजकुंड स्थित बाबा मनोहर नाथ मंदिर की महामंडलेश्वर, पीठाधीश्वर गुरु मां नीलिमानन्द महाराज की निजी सचिव पर हमले का प्रयास किया गया। इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है।
पीठाधीश्वर गुरु मां नीलिमानन्द महाराज की निजी सचिव मुक्ता चौधरी ने बताया, गत 13 नवंबर की रात्री देवी मां का यज्ञ हुआ था। यज्ञ के बाद देर रात्रि लगभग साढ़े 12 बजे वह घर की ओर जा रही थी। जैसे ही वह मंदिर से बाहर निकली, तभी एक सफेद रंग की गाड़ी ने उसकी कार में टक्कर मारने की कोशिश की। तभी उसने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घर छोड़ा। मुक्ता चौधरी ने बताया, मंदिर विपक्षियों द्वारा उसकी हत्या का प्रयास किया गया। क्योंकि इस घटना से पूर्व भी उस पर हमला हो चुका है। इस मामले में थाना प्रभारी ने कहा, मामले की जांच की जा रही है।













