स्वच्छता प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता और जल संरक्षण को लेकर भरी हुंकार

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण-2023 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, इसी क्रम में सिविल लाइन स्थित हावार्ड प्लेस्टेड गर्ल्स इंटर कॉलेज में नगर निगम तथा सामाजिक संस्था द ग्रोइंग पीपल द्वारा अंतर विद्यालय स्वच्छता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें स्वच्छता, जल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति तथा स्वतंत्रता सेनानी आदि विषयों पर चार श्रेणियों (पोस्टर/ड्राइंग, नुक्कड़ नाटक, जिंगल सॉन्ग तथा बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट) में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें 15 विद्यालयों के लगभग डेढ़ सौ विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कैंट विधायक अमित अग्रवाल तथा नगर आयुक्त डॉ• अमित पाल शर्मा मुख्य अतिथि रहे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक तथा जिंगल सॉन्ग की एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुति दी। 85 विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं जल संरक्षण के संदेश देते हुए इतने शानदार चित्र बनाएं कि निर्णायक मंडल को निर्णय लेना ही मुश्किल हो गया। बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कचरे से बहुत ही सुंदर आर्टिकल बनाए। ग्रोइंग पीपल की अध्यक्ष अदिति चंद्रा ने कहा, आज के कार्यक्रम को देखकर एहसास हो गया कि युवा पीढ़ी स्वच्छता और जल संरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर बहुत गंभीर है और यह बहुत शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अगर ठान ले तो ना तो पानी की एक भी बूंद बर्बाद होगी और ना कहीं गंदगी नजर आएगी। नगर निगम द्वारा आयोजित अंतर विद्यालय स्वच्छता प्रतियोगिता में अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, सहायक नगर आयुक्त बृजपाल सिंह, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ हरपाल सिंह, मॉडल एक्टर राधिका गौतम, ग्रोइंग पीपल की ओर से पूजा रावत तथा हावर्ड प्लेस्टेड इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ उन्नति वर्मा निर्णायक मंडल में रहे। कार्यक्रम में मोहित कपूर, महेश चौहान, दीनबंधु गुलाटी, महेश शर्मा, मनमोहन ढल, पुनीत मिगलानी, बलविंदर कौर, स्वच्छ भारत मिशन की टीम पर के लोमस भार्गव, नमन जैन, अंकुर, कीर्ति पार्चा, आकांक्षा, एसबीएम मेरठ टीम के लीडर मयंक मोहन, सफाई निरीक्षक अजय शील प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

चार श्रेणियों में हुई प्रतियोगिता का परिणाम
चित्रकला प्रतियोगिता
प्रथम- हावर्ड प्लेस्टेड गर्ल्स इंटर कॉलेज की हिना
द्वितीय- दशमेश गर्ल्स इंटर कॉलेज की नायाब
तृतीय- राम सहाय इंटर कॉलेज के मोहम्मद रजा

जिंगल सॉन्ग
प्रथम- दशमेश गर्ल्स इंटर कॉलेज
द्वितीय-ट्रांसलम अकैडमी मवाना रोड मेरठ

मोरल (वेस्ट टू आर्ट)
प्रथम-कनोहर लाल गर्ल्स इंटर कॉलेज, साकेत
द्वितीय- किसान इंटर कॉलेज, कंकरखेड़ा
तृतीय- दशमेश गर्ल्स इंटर कॉलेज, कंकरखेड़ा

नुक्कड़ नाटक
प्रथम – इस्माइल नेशनल गर्ल्स पीजी कॉलेज
द्वितीय- दशमेश गर्ल्स इंटर कॉलेज, कंकरखेड़ा
तृतीय- विद्या मंदिर इंटर कॉलेज शास्त्री नगर

खबरें और भी हैं...