
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। ससुर पर दुष्कर्म करने का आरोप विकलांग पुत्रवधु ने लगाया है। एसएसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता ने कहा, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता का पिता फूट-फूटकर रोया, जिसे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने चुप कराया।
कंकरखेड़ा क्षेत्र के जंगेठी निवासी विकलांग युवती का विवाह गत चार मार्च 2022 को बहादरपुर निवासी युवक के साथ हुआ था। आरोप लगाया, विवाह के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। पांच लाख की डिमांड की जाने लगी, इंकार करने पर उसका उत्पीड़न किया जाने लगा। उसके साथ मारपीट की जाती। उसकी नंदों ने उसे फांसी लगाकर मारने का प्रयास किया। बंधक बनाकर रखा गया। विकलांग विवाहिता ने आरोप लगाया, गत 4 अक्टूबर को उसके ससुर ने उसके साथ बलात्कार किया। विरोध किया तो अगले दिन पांच अक्टूबर को उसके साथ मारपीट करते हुए घर से निकाल दिया। पीड़िता ने कहा, वह शिकायत लेकर थाने गई, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। गुरुवार को पीड़िता अपने पिता संग एसएसपी कार्यालय पहुंची। इस दौरान पिता वहां फूट-फूटकर रोने लगा। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने पिता को शांत कराया। कप्तान ने कार्रवाई के आदेश स्थानीय पुलिस को दिए है।














