
कायाकल्प अवार्ड विजेता चिकित्सा इकाइयों को सीएमओ ने किया सम्मानित
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को कायाकल्प अवार्ड योजना के ओरियेंटेशन कम अवेयरनेस कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश मोहन ने किया। कार्यक्रम में सीएमओ डा. अखिलेश मोहन ने वर्ष 2021-22 में कायाकल्प अवार्ड विजेता चिकित्सा इकाइयों के अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशस्तिा पत्र देकर सम्मानित किया गया। जनपद के दो जिला चिकित्सालयों, चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), दो यूपीएचसी व पांच हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्लूसी) ने वर्ष 2021-22 मे कायाकल्प अवार्ड प्राप्त किया है। इस अवसर पर सीएमओ ने कहा, प्रयास करें कि जनपद की और अधिक चिकित्सा इकाइयां कायाकल्प अवार्ड प्राप्त करें। उन्होंने निर्देश दिया, लोगों को गुणवत्तापरक सेवाएं उपलब्ध कराएं, ताकि जनपद की चिकित्सा इकाइयों को प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त हो। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आरसीएच) डा. विश्वास चौधरी ने कायाकल्प अवार्ड के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया, कायाकल्प अवार्ड योजना के अंतर्गत निर्धारित मानकों पर राज्य स्तरीय क्वालिटी टीम द्वारा असेसमेंट किया जाता है। असेसमेंट बेस पर 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली चिकित्सा इकाइयों को अवार्ड के रूप निर्धारित धनराशि प्रदान की जाती है। जनपद मेरठ की चिकित्सा इकाइयों पर रोगियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सुखद, सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराते हुए गुणवत्ता परक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रहीं हैं, जिसके फलस्वरूप ही जनपद की स्वास्थ्य इकाइयों को पुरस्कार प्राप्त हुआ। कार्यशाला में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. जावेद, डीपीएम मनीष विसारिया, डीयूएचसी राजीव त्यागी, डीएमएचसी इलमा अजीम एवं एसीपीए सुरेश कुमार आदि मौजूद रहें।














