
कोलकाता (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी, सुबिरेश भट्टाचार्य सहित इस मामले में गिरफ्तार अन्य अभियुक्तों को आज फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा। पिछली सुनवाई में उन्होंने जज से जमानत देने की अर्जी लगाई थी और कहा था कि वह जिंदा रहना चाहते हैं इसीलिए उन्हें जमानत मिलनी चाहिए। हालांकि कोर्ट ने उनकी नहीं सुनी थी। इसके बाद यह भी खुलासा हुआ था कि जेल में वह अजीबोगरीब मांग कर रहे हैं जिसमें नहाने के लिए एक आदमी मांगे हैं जो उनके शरीर पर पानी डाले। खाने में अधिक मीट मांग रहे हैं और यह भी मांग करते हैं कि जब वह किसी से फोन पर बात करें तो उनके आसपास कोई संतरी खड़ा ना हो।
इन तमाम बातों को लेकर सीबीआई आज एक बार फिर उन्हें कोर्ट में पेश करने वाली है। पार्थ के साथ-साथ एसएससी के पूर्व अध्यक्ष सुबिरेश भट्टाचार्य, माध्यमिक शिक्षा परिषद के पूर्व अध्यक्ष कल्याणमय गांगुली, अशोक साहा, प्रदीप सिंह और प्रसन्न रॉय को भी अलीपुर की विशेष सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा।












