
– अब स्कूलों में चेहरा पहचान प्रणाली से होगी शिक्षकों की हाजिरी
मीरजापुर (हि.स.)। प्रदेश भर के कस्तूरबा गांधी आवासीय सहित परिषदीय विद्यालयों में अब फेस रिकाग्निशन सिस्टम से हाजिरी होगी। इसके लिए प्रधानाचार्यों को टैबलेट मिलेगा। इसके बाद अब स्कूलों में चेहरा पहचान प्रणाली से शिक्षकों की हाजिरी हो सकेगी। नई व्यवस्था लागू होने से कस्तूरबा गांधी सहित परिषदीय विद्यालयों में प्राक्सी शिक्षकों पर शिकंजा कसा जा सकेगा। मिलान के लिए इसको पोर्टल से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही देर से आने वाले अथवा अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों की जानकारी भी आसानी से मिल सकेगी।
प्रदेश भर के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में हाजिरी चेहरा पहचान प्रणाली लागू की जा रही है। इसके लिए परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की हाजिरी के लिए प्रधानाध्यापकों को टैबलेट दिए जा रहे हैं। इसमें आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस युक्त कैमरे से हाजिरी होगी। इसके चलते विद्यालयों में तैनात शिक्षकों की फोटो से हाजिरी की फोटो का मिलान हो जाएगा। वहीं जियो फेसिंग होने के चलते विद्यालय के बाहर से फोटो इसमें अपलोड न की जा सकेगी। जिला समन्वयक केशराज सिंह ने बताया कि वर्तमान में प्रेरणा पोर्टल पर सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों का डाटा मौजूद है। स्कूल की शुरुआत और छुट्टी के समय टैबलेट से फोटो ली जाएगी और इससे ही शिक्षकों व विद्यार्थियों की हाजिरी लगेगी।
विंध्याचल मंडल के जनपद मीरजापुर में 10, सोनभद्र में 9 और भदोही में पांच सहित कुल 24 कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हैं। मीरजापुर के 1806 विद्यालय में 319234, सोनभद्र के 2061 विद्यालय में 272619 बच्चे और भदोही के 891 विद्यालयों में 195023 सहित 4758 विद्यालयों में 786876 बच्चें अध्ययनरत हैं। जनपद मीरजापुर में 8952, सोनभद्र में 8076 और भदोही में 5591 सहित 22619 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक कार्यरत हैं।
मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक, विंध्याचल मंडल डा. फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में तैनात शिक्षकों की हाजिरी फेस रिकाग्निशन सिस्टम से होनी है। इसके लिए शासन से दिशा निर्देश प्राप्त हुआ है। शासन से टैबलेट मिलते ही प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी।













