
जम्मू (हि.स.)। सुरक्षा एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास रह रही स्कूल जाने वाली एक लड़की को गिरफ्तार कर पाकिस्तान के आईएसआई संचालित मादक पदार्थ तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को जानकारी दी कि लड़की कक्षा दस का छात्रा है और पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा की बाड़ से आगे एक गांव में रहती है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा चलाए गए एक संयुक्त अभियान में 400 ग्राम संदिग्ध हेरोइन के साथ इस लड़की को पकड़ा गया है।
सूत्रों ने कहा कि एजेंसियों को ड्रग्स के एक और खेप के बारे में सूचित किया गया है जो कि लड़की ने अपने घर के पास एक खाई में छिपा कर रखी हुई है। लड़की से पूछताछ जारी है।
सुरक्षा एजेंसियों ने एक पाकिस्तानी हैंडलर आशिक की भी पहचान की है जो नियंत्रण रेखा के पास के गांवों में रहने वाले स्कूल जाने वाले छात्रों और युवाओं को आगे की आपूर्ति के लिए लड़की के घर जाकर उसे नशीला पदार्थ सौंपता था।
अधिकारियों ने कहा यह मामला पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसआई द्वारा युवाओं को नुकसान पहुंचाने के लिए नियंत्रण रेखा पर ड्रग्स भेजने के बुरे मंसूबों की ओर इशारा करता है।














