
थाना हाइवे पुलिस के साथ आगरा की टास्क फोर्स व वन अधिकारियों की टीम ने की संयुक्त कार्रवाई
भास्कर समाचार सेवा
मथुरा: थाना हाइवे पुलिस के साथ आगरा की स्पेशल टास्क फोर्स व वन विभाग आगरा की संयुक्त टीम ने चन्दन की लकडी की तस्करी करने वाले अन्तर्राज्यीय गिरोह के सात तस्करों को 563.1 किग्रा लाल चन्दन की लकडी के साथ गिरफ्तार किया गया है। लकड़ी की कीमत कीमत करीब एक करोड रुपये बताई जा रही है। हालांकि चार तस्कर अभी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे हैं।
गुरुवार को एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय बताया कि उन्हें जानकारी हुई थी कि गैर प्रांतों से इमारती लालचन्दन की लकडी की तस्करी करके मथुरा में लायी जा रही हैं, जिसे मथुरा व आस-पास के क्षेत्र व धार्मिक स्थलों पर महंगे दामों पर सप्लाई की जा रही हैं। गोवर्धन की तरफ से इनोवा व होंडा सिटी कार मे नाजाइज लाल चन्दन की लकडी आने वाली हैं, जो राधा गुलमोहर रेजीडेंसी के आस पास कही भी गाडियों से उतारी जायेगी। जिसको ध्यान में रखते हुए थाना हाईवे पुलिस, स्पेशल टास्क फोर्स यूनिट आगरा, वन विभाग मथुरा की संयुक्त टीम द्वरा उच्चाधिकारीगण को अवगत कराते हुए अभियान की शुरुआत की गई।

जिसके तहत टीम सात तस्करों को गिरफ्तार करने में सफल रही। जिनसे टीम ने 563.1 किग्रा लाल चन्दन की लकडी भी बरामद की है, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। जो चार तस्कर अभी फरार हैं, उन्हें गिरफ्तार करने के लिए टीम लगी हुई हैं। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ करने पर तस्करों ने बताया कि पुष्पा मूवी देखकर वह लाल चन्दन की लकडी की तस्करी से होने वाले मोटे मुनाफे के बारे में जान पाए थे। उसके बाद ही उन्होंने तस्करी का काम शुरू किया।
गिरफ्तार हुए तस्करों में अलीगढ़ का दीपक, महाविद्या का अजीत कुमार यादव, वृंदावन का सुमित उर्फ राम, बुलंदशहर का चंद्रप्रताप, छत्तीसगढ़ का सुमित दास, मथुरा का जितेन्द्र उर्फ जीतू यादव, भरतपुर का रंजीत शामिल है।












