
भास्कर समाचार सेवा
मुजफ्फरनगर। मूलभूत सुविधाओं से वंचित भोपा थाना क्षेत्र के गांव हाजीपुरा को जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह और अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर के निर्देशन में प्रशासन ने हाजीपुरा गांव में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न प्रकार की सुविधाओं से वंचित लोगों को राशन कार्ड बिजली पानी आदि सुविधाएं उपलब्ध कराकर गांव को मुख्यधारा से जोड़ा गया। इस दौरान ग्रामीण भावुकता के साथ अधिकारियों का धन्यवाद किया।
बता दें कि थाना भोपा क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी के मजरे पर लगभग 25 साल पहले बसाए गए इस गांव में कोई भी सुविधा नहीं थी बल्कि कहा जा सकता है कि यह गांव कस्बे से मात्र 3 किलोमीटर की दूरी पर होने के बावजूद भी मुख्यधारा से कटा हुआ था। इस गांव के ग्रामीण झोपड़ी में रहकर पशुपालन के सहारे अपने जीवन व्यतीत करते हैं। बाढ़ से निजात दिलाने के लिए तत्कालीन प्रशासन द्वारा इन ग्रामीणों को कस्बा भोकरहेड़ी के जंगल में ऊंचे टीले पर बसाया गया था मगर उस समय ने तो वहां पानी की व्यवस्था की गई और ना ही बिजली या अन्य सुविधाओं की धीरे-धीरे समय बीतता गया गांव में बिजली तो गई मगर वह भी ना के बराबर और प्रधानमंत्री की योजना के तहत पूरा देश ओडीएफ घोषित कर दिया गया है मगर इस गांव के किसी भी घर में शौचालय भी नहीं है। कुछ लोगों को छोड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ भी इस गांव के लोग नहीं ले पा रहे थे। जैसे ही इसकी जानकारी कुछ महीनों पहले जिला अधिकारी चंद्र भूषण सिंह और अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह को मिली तो अधिकारियों का काफिला गांव की ओर दौड़ पड़ा। अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने अधिकारियों के साथ गांव में पहुंचकर पूरे गांव का जायजा लिया और इस गांव के विकास के लिए बीडा उठाया जिसके चलते मंगलवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह एसडीएम जानसठ और तहसीलदार जानसठ के अलावा जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर पहुंचे और गांव में सरकारी योजनाओं से वंचित लगभग 75 परिवारों को राशन कार्ड खुद अपने हाथ से भेंट किए गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक कक्ष के निर्माण का उद्घाटन किया और गांव के मुख्य मार्ग सहित गांव की सड़कों के जीर्णोद्धार के लिए पीडब्ल्यूडी अन्य माध्यम से बनाने के लिए कार्यक्रम तैयार कर दिया। इसके साथ ही प्रत्येक घर में एक शौचालय के निर्माण के लिए चिन्हीकरण कर लिया है और जल्द ही शौचालयो का निर्माण भी कराया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि आज तक वह हर योजनाओं से वंचित रहे ग्रामीणों का कहना है कि जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह उनके लिए भगवान बन कर आए हैं और अब उन्हें उम्मीद है कि वे जल्द ही मुख्यधारा से जुड़ जाएंगे और उन्हें सब सुविधाएं मिलनी शुरू हो गई है उनकी मांग है कि गाँव मे प्राइमरी पाठशाला को भी कम से कम 8 वी कक्षा तक की जाए। इस मौके पर एडीएम प्रसासन एसडीएम जानसठ तहसीलदार जानसठ सहित अधिकारी मौजूद रहे।












