
भास्कर समाचार सेवा
गाजियाबाद। शास्त्री नगर इलाके के महिंद्रा एंक्लेव स्थित सिल्वर शाइन स्कूल परिसर में शरदोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुति पेश की। खास बात यह है कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बॉलीवुड कलाकार मुस्ताक खान और विनय कुमार सिंह थे। इसी कड़ी में सिल्वर शाइन स्कूल में शरदोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित और गणेश वंदना से हुई, जिसमें स्कूल के बच्चों ने मिकी मिनी माउस, हुकनामटाटा, स्नो वाइट, एनिमल किंग्डम जैसे कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके अलावा कव्वाली, पैरंटहुड और नृत्य के माध्यम से टेक्नोलॉजी के प्रभाव को दर्शाया गया। विद्यालय प्रबंधक प्रियदर्शन वशिष्ठ ने बताया कि स्कूल प्रबंधन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और स्कूल परिसर में लगातार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है, जिससे बच्चों की प्रतिभा को निखारा जा सके। इस मौके पर शैक्षिक निर्देशिका मनाली वशिष्ट ने बच्चों के प्रयास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












