पूर्व प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को लेकर रालोद ने तैयार की रूपरेखा

जिला कार्यालय पर हुई रालोद की महत्वपूर्ण बैठक, राजस्थान रैली को लेकर सौंपी जिम्मेदारी

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल के जिला कार्यालय पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मतलूब गौड ने की। बैठक में आगामी 23 दिसंबर को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में 23 दिसंबर को भरतपुर राजस्थान में होने वाली रैली को लेकर भी सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई।

जिलाध्यक्ष मतलूब गौड ने बताया, राष्ट्रीय लोकदल द्वारा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और किसान मजदूरों के नेता चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस को 23 दिसंबर से 30 दिसंबर तक किसान-मजदूर पखवाड़ा सप्ताह के रूप में मनाने का दिशा-निर्देश प्राप्त हुआ है। उसी के परिपेक्ष में आगामी 23 से 30 तारीख तक संपूर्ण जनपद मेरठ की सातों विधानसभाओं पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए उनकी अध्यक्षता में कमेटी गठित कर दी गई है। जो अपनी-अपनी विधानसभाओं में पखवाड़े के अनुसार और तिथियों के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

कमिश्नरी पार्क में होगा आयोजन
उन्होंने बताया, मीटिंग में यह निर्णय हुआ कि स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस को सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता इकट्ठा होकर चौधरी चरण सिंह पार्क कमिश्नरी चौराहा पर सुबह 9:00 बजे एकत्रित होंगे। सबसे पहले हवन किया जाएगा। तत्पश्चात स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात सभी पदाधिकारी और कार्यकर्तागण भरतपुर में होने वाली रैली में सम्मिलित होने के लिए राजस्थान की ओर प्रस्थान करेंगे।

बैठक में ये कार्यकर्ता रहें मौजूद
जिला कार्यालय पर हुई मीटिंग में पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, विनोद हरित, मुकेश जैन, वरिष्ठ नेता राजकुमार सांगवान, संगीता दोहरे, राष्ट्रीय प्रवक्ता मनीषा अहलावत, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव आतिर रिज़वी, विनय मल्लापुर, राम मेहर सिंह गुर्जर, नरेंद्र सिंह खजूरी, दीपक तोमर, सोहराब ग्यास, संजय पनवाड़ी, प्रताप लोहिया, धर्मपाल सिंह गिरी, प्रशांत चौधरी, गौरव तेवतिया, अशोक चौधरी, पिंटू, मैनपाल तोमर, अनुराग चौधरी, सुबोध भदौडा, नीतू चौधरी, विक्रांत गौतम आदि सैकड़ों कार्यकर्ता रहें।

खबरें और भी हैं...