चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया

भास्कर समाचार सेवा
नजीबाबाद । मंडावली थाना क्षेत्र के गांव श्यामीवाला में सोमवार की देर रात बंद पड़े मकान के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मकान स्वामी मो. वाजिद किसी काम से चेन्नई गए थे। उनकी पत्नी भी अपने मायके गांव कामराजपुर गई हुई थी। जिस कारण मकान पर ताला लगा हुआ था। वाजिद की चाची आबिदा ने मकान के ताले टूटे देखे। आबिदा ने चोरी होने की जानकारी फोन से मो. वाजिद को दी। मकान स्वामी वाजिद के अनुसार, चोरों ने मकान का ताला तोड़कर वहां से लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए हैं।

सूचना पर भागूवाला पुलिस चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को मकान के ताले टूटे और सामान बिखरा हुआ मिला। पुलिस ने मकान स्वामी से फोन पर चोरी की जानकारी ली। मकान स्वामी मो. वाजिद की ओर से उसके दादा मो. यामीन ने पुलिस को चोरो की जानकारी दी।

खबरें और भी हैं...