मदद के बहाने होटल ले जाकर महिला से किया रेप

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज, आरोपी फरार

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ/फलावदा। नगर की एक महिला को कर्ज देने के बहाने होटल में ले जाकर दुष्कर्म किए जाने के मामला एसएसपी तक पहुंच गया। कप्तान के आदेश पर थाने में मुकदमा दर्ज हो गया है। केस दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया।

मोहल्ला खाराकुआ निवासी एक महिला ने कप्तान को दिए पत्र में आरोप लगाया कि विगत दिनों उसके पति ने मोहल्ला ऊंचा निवासी उस्मान से 20 हजार रुपए उधार मांगे थे। पति की गैर मौजूदगी में आरोपी कर्ज देने के बहाने महिला को होटल ले गया तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप यह भी है कि महिला की वीडियो बनाकर उसे काफी दिनों से ब्लैकमेल कर रहा था। इस मामले में महिला ने थाना पुलिस से शिकायत की तो मामला लेन-देन का बताकर पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। चर्चा है कि वह पुलिस पर राजनैतिक दबाव डलवाकर मामले पर लीपापोती कराए जाने का प्रयास कर रहा था। स्थानीय पुलिस द्वारा की गई जांच पड़ताल में महिला द्वारा दी गई काफी जानकारी सही पाई गई है।

लड़ चुका है सभासद का चुनाव
बताया गया है कि आरोपी उस्मान सभासद का चुनाव लड़ चुका है। इस बार भी वह चुनाव लड़ने की तैयारी में है। घटना के संबंध में पीड़िता द्वारा बताए गए होटल में आरोपी द्वारा कमरा बुक किया गया था, जहां आरोपी ने अपना नाम सही, जबकि पीड़िता का नाम बदलकर दिखाया है।

ये कहना है थाना प्रभारी का
थाना पुलिस से न्याय न मिलने पर महिला ने एसएसपी से गुहार लगाई। कप्तान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी मुनेश कुमार शर्मा ने बताया, रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

खबरें और भी हैं...