
जयपुर (हि.स.)। राजस्थान में शीतलहर के साथ ही कड़ाके की ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया है। सर्दी से बचाव के लिए लोग हीटर और अलाव का सहारा ले रहे हैं। सर्दी का सबसे ज्यादा प्रकोप शेखावाटी अंचल में है। फतेहपुर, चूरू, सीकर, माउंटआबू में पारा माइनस में है। मौसम विभाग ने बुधवार को 13 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। आगामी दिनों में दो बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना है। इनके असर से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश में गुरुवार से शीतलहर और पाले से राहत मिल सकती है। लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, इनके प्रभाव से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। विक्षोभ के असर से अब मावठ होने के आसार हैं। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार पहला पश्चिमी विक्षोभ 19-20 जनवरी को प्रभावी होगा। इसके प्रभाव से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। 19 जनवरी को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 22 से 26 जनवरी के दौरान सक्रिय होगा। यह विक्षोभ अपेक्षाकृत अधिक सक्रिय होगा, इसके असर से राज्य में मावठ होने के आसार हैं।
बीती रात मंगलवार को सबसे कम पारा जोबनेर का माइनस 2.5, फतेहपुर का माइनस 2.2, माउंटआबू का माइनस 2, अलवर का 0.5, चूरू का माइनस 1.2, सीकर का माइनस 1.5, जयपुर का 5.7, श्रीगंगानगर का 3.1, उदयपुर का 3.6 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया। जयपुर में बुधवार सुबह गलनभरी सर्दी के साथ ही शीतलहर का असर हावी रहा। संचालन कारणों के चलते हवाईसेवाओं में कुछ रूटों पर उड़ानों के समय में बदलाव किया गया। स्पाइस जेट की उड़ान संख्या एसजी-57 जयपुर से सुबह 9:40 के बजाय सुबह 11 बजे बाद उड़ान भरी। सलाम एयरलाइन की उड़ान संख्या ओवी-768 की रवानगी में भी देरी हुई। यह उड़ान सुबह चार घंटे देरी से सुबह नौ बजे रवाना हुई।
मौसम विभाग ने बुधवार को अलवर, भरतपुर, चित्तौड़गढ़, धौलपुर, झुंझुनू, करौली, सवाई माधोपुर, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। 19 जनवरी को मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।












