
कर्नाटक चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। शरद पवार की नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) ने कर्नाटक चुनाव लड़ने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शरद पवार का कहना है कि राज्य की 224 विधानसभा सीटों में से 40- 45 सीटों पर उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी।
नेशनल पार्टी का दर्जा पाने के लिए चुनाव का ऐलान
कर्नाटक में चुनाव लड़ने का फैसला NCP ने नेशनल पार्टी का दर्जा हासिल करने के लिए ऐसा कदम उठा रही है। इसे लेकर NCP नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि हमें वापस नेशनल पार्टी का दर्जा पाने के लिए जरूरी कदम उठाने होंगे।
शरद पवार बोले- कैंडिडेट्स की लिस्ट जल्द फाइनल होगी
शरद पवार ने मुंबई पार्टी ऑफिस में आज मीटिंग रखी है। पवार ने कहा कि हमारी पार्टी आने वाले चुनाव के लिए कैंडिडेट की लिस्ट बहुत जल्द फाइनल करने वाली है। कर्नाटक में 10 मई को चुनाव होने वाले हैं। राज्य में BJP, कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा था।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि शरद पवार का यह निर्णय विपक्षी एकता के लिए झटका है। कर्नाटक में NCP के चुनाव लड़ने से कांग्रेस को सीधा नुकसान होगा यानी कांग्रेस के वोटबैंक में सेंधमारी होगी।
चुनाव लड़ने का ऐलान करने से 24 घंटे पहले राहुल से मिले थे पवार
शरद पवार ने गुरुवार शाम को ही राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की थी। ये बैठक खड़गे के दिल्ली स्थित आवास पर हुई। बैठक के बाद राहुल ने कहा था कि हम सब एकजुट हैं। वहीं, खड़गे ने कहा कि देश और लोकतंत्र को बचाने के लिए हम एक होकर लड़ने के लिए तैयार हो रहे हैं।
शरद पवार बोले- ममता और केजरीवाल से भी बात होनी चाहिए
शरद पवार ने कहा था कि मैं चाहता हूं कि सभी विपक्षी दलों के नेताओं से बात होनी चाहिए। ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल से भी बात होनी चाहिए। हमें उनके पास जाकर बात करना चाहिए। हम विपक्ष को एकजुट करने के लिए सबको साथ लेकर आगे चलेंगे।














